नगर निगम के वाहन अब इस नई एनर्जी से चलेंगे जो बसामन मामा गौअभ्यारण्य में तैयार होगी

बसामन मामा गौवन्य विहार अभ्यारण्य देश के लिए मिशाल बनेगा। इसे गौवन्य विहार में ऐसे ऐसे प्रयोग किए जाएंगे जो कहीं भी नहीं हुए। गौवंशों से आय आएगी। कम्प्रेस्ड गोबर गैस बनाई जाएगी। इसी गोबर गैस से नगर निगम के वाहन दौड़ाए जाएंगे। गौबर से उत्पाद तैयार कर आय बढ़ाया जाएगा। स्वसहायता समूहों को जोड़कर रोजगार के अवसर प्रदान किए जाएंगे। बैठक में डिप्टी सीएम ने कई महत्वूपर्ण निर्णय लिए हैं। जिन्हें जल्द से जल्द अमल में लाने के निर्देश अधिकारियों को दिए हैं।

नगर निगम के वाहन अब इस नई एनर्जी से चलेंगे जो बसामन मामा गौअभ्यारण्य में तैयार होगी

गौवन्य विहार देगा रोजगार, गोबर से तैयार होंगे कई उत्पाद
देश के लिए मिशाल बनेगा गौवन्य विहार
रीवा। उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने बसामन मामा गौ वन्य विहार अभ्यारण्य की यज्ञशाला में आयोजित बैठक में वन्य विहार के विकास कार्यों की समीक्षा की। बैठक में उप मुख्यमंत्री ने कहा कि गौ माता पवित्रता की पराकाष्ठा होती है। गाय ही एक मात्र ऐसी जीव है जिसके गोबर और गोमूत्र का उपयोग पूजा में किया जाता है। इस पूरे क्षेत्र में गौ माता के आशीर्वाद से ही विकास के कई बड़े कार्य पूरे हुए हैं। बसामन मामा गौ वन्य विहार प्रोजेक्ट प्रदेश में अपनी तरह की अनूठी परियोजना है। गौमाता के आशीर्वाद से यह परियोजना सफल होकर निराश्रित गौवंश को आश्रय देने के लिए पूरे देश का मार्ग प्रशस्त करेगी। इस गौ-वन्य विहार में गौवंश को आश्रय देने के साथ-साथ रोजगार के नए अवसर पैदा किए जाएंगे। गौ वन्य विहार को गोबर गैस और सोलर प्लांट के माध्यम से ग्रीन एनर्जी का सेंटर बनाएंगे। बैठक में कमिश्नर बीएस जामोद, आईजी एमएस सिकरवार, कलेक्टर प्रतिभा पाल, डीआईजी एसपी पाण्डेय जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ सौरभ सोनवड़े, एसडीएम आरके सिन्हा, संयुक्त संचालक पशुपालन डॉ राजेश मिश्रा, स्थानीय जनप्रतिनिधिगण तथा संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।


गोबर से बनाए जाएंगे उत्पाद, जो देंगे आय
संयुक्त संचालक पशुपालन वन्य विहार में कार्यरत गौ सेवकों का मानदेय एक हजार रुपए प्रतिमाह बढ़ाएं। गौशाला के गोबर से कम्प्रेस्ट गोबर गैस बनाकर नगर निगम को सप्लाई करें। इससे नगर निगम के वाहन चलाए जाएंगे। गौशाला के सभी शेडों में सोलर सिस्टम स्थापित करके सौर ऊर्जा का उत्पादन कराएं। गोबर गैस और सौर ऊर्जा से वन्य विहार को अच्छी आय होगी। गौशाला के गोबर से गुणकारी खाद, गोनाइल तथा अन्य उत्पाद बनाकर भी अतिरिक्त आय प्राप्त करें। इससे गौशाला से जुड़ स्वसहायता समूहों को स्वरोजगार के अवसर मिलने के साथ गौशाला को अतिरिक्त आय होगी। बसामन मामा गौ वन्य विहार पूरे देश के लिए मॉडल बनेगा ।
गंगेव के हिनौती में 1300 एकड़ में बन रहा वन्य विहार
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि गौ वन्य विहार में छ: हजार से अधिक गौवंश को आश्रय दिया गया है। जिले में गंगेव विकासखण्ड के हिनौती में भी 1300 एकड़ में वन्य विहार के निर्माण का कार्य शुरू हो गया है। यहाँ लगभग 50 हजार गौवंश को आश्रय मिलेगा। बैठक में मुख्यमंत्री ने पेयजल व्यवस्था, सौर ऊर्जा प्लांट तथा गौशाला के प्रशासनिक भवन का निर्माण कार्य एक माह में पूरा कराने के निर्देश दिए। बैठक के बाद उप मुख्यमंत्री ने गौ माता की पूजा कर गौ ग्रास खिलाया। उप मुख्यमंत्री ने एक पेड़ माँ के नाम अभियान में पौधे रोपित किए।
6 करोड़ रुपए से अधिक के हुए निर्माण कार्य
बैठक में पूर्व विधायक केपी त्रिपाठी ने कहा कि 54 एकड़ के पथरीले और उजाड़ भूखण्ड में बसामन मामा गौ वन्य विहार की आधारशिला रखी गई थी। कुछ ही समय में यहाँ जन भागीदारी, जन सहयोग तथा ग्रामीण विकास विभाग एवं वन विभाग के सहयोग से सुंदर वन्य विहार का विकास तेजी से किया जा रहा है। यहाँ जन भागीदारी से 6 करोड़ रुपए से अधिक के निर्माण कार्य कराए जा चुके हैं। गौशाला के निर्माण के साथ यहाँ स्टॉप डैम और तालाबों का निर्माण भी कराया गया। इससे इस वर्ष पानी का कोई संकट नहीं रहा। वन्य विहार की गौमाताओं के आशीर्वाद से ही पुर्वा प्रपात में विकास के कार्य, सड़क तथा पुल का निर्माण कराया गया।
बांस के रोपण से बनाई जाएगी ग्रीन बाउण्ड्री
बाँस का रोपण करके ग्रीन फेंसिंग की जाएगी। बैठक में वनमण्डलाधिकारी ने बताया कि गौशाला के समीप ही सात एकड़ क्षेत्र में पाँच हजार पौधे गत वर्ष रोपित किए गए थे। इनमें जो पौधे सूख गए थे उनके स्थान पर नए पौधे रोपित किए गए हैं। गौशाला के अंदर भी वन विभाग ने एक हजार पौधे विभिन्न वर्षों में लगाए हैं जिसके कारण पूरा परिसर हरा-भरा हो गया है। गौ वन्य विहार के चारों ओर 2400 मीटर में बांस का रोपण करके ग्रीन फेंसिंग की जाएगी। ००००००००००००००००००००