मुरुम कांड: सीएम तक पहुंचा मामला तो एक्शन में आई पुलिस, 5 पर दर्ज हुआ मामला

मनगवां थाना अंतर्गत हिनौता कोठार में दो महिलाओं को मुरुम के नीचे जिंदा दफाने की कोशिश की गई थी। इस मामले ने पूरे प्रदेश में हड़कंप मचा दिया। सीएम तक मामला पहुंचा। सीएम के निर्देश पर पुलिस और प्रशासन ने एक्शन लिया। पांच के खिलाफ मामला दर्ज कर 3 को गिरफ्तार भी कर लिया गया है। दो की तलाश जारी है।

मुरुम कांड: सीएम तक पहुंचा मामला तो एक्शन में आई पुलिस, 5 पर दर्ज हुआ मामला

शनिवार को विवादित जमीन पर सड़क बनाने के दौरान हुई थी घटना
दो महिलाओं पर डम्पर से गिरा दिया गया था मुरुम
रीवा।  ज्ञात हो कि यह पूरा मामला मनगवां थाना क्षेत्र अंतर्गत हिनौता कोठार का है। यहां जमीनी विवाद के दौरान एक ही परिवार की दो महिलाओं आशा पाण्डेय व ममता पाण्डेय के ऊपर डंपर में भरा मुरूम उडेल दिया गया था। जिसमें दोनों महिलायें दब गईं थीं। घटना के दौरान एक  महिला का पूरा  शरीर धंस गया तो दूसरी का आधा हिस्सा मुरुम में फंसा रहा। जिन्हें स्थानीय लोगों की मदद से सुरक्षित बाहर निकाला गया। दोनों महिलाओं को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती किया गया था। इस घटना का वीडियो तेजी से वायरल हुआ। सोशल मीडिया एक्स पर भी वीडियो वायरल होने पर सीएम डॉ मोहन यादव ने इस पर संज्ञान लिया। तुरंत जिला प्रशासन और पुलिस अधिकारी को कार्रवाई के निर्देश दिए। सीएम के निर्देश के बाद कलेक्टर और एसपी ने भी दौड़ लगा दी। दोनों अधिकारी पीडि़त के गांव पहुंच गए। इसके अलावा पुलिस ने भी वारदात को अंजाम देने वालों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया। पहले तीन लोगों पर मामला दर्ज किया गया था। एक की गिरफ्तारी हुई थी। बाद में आरोपियों की संख्या बढ़ाकर 5 पहुंचा दी गई। 3 को गिरफ्तार कर लिया गया है। अन्य दो की तलाश जारी है। एसपी के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों में एक गाड़ी का ड्राइवर, दूसरा गाड़ी का मालिक और तीसरा विवाद करने वाला ही रिश्तेदार है। पुलिस ने घटना में कुल 5 लोगों को आरोपी बनाया है। जिनमें  2 फरार आरोपियों की तलाश पुलिस द्वारा की जा रही है।