एसजीएमएच में नई कंपनी ने सम्हाली कमान, कर्मचारी हलाकान, करने लगी परेशान

संजय गांधी अस्पताल में नई कंपनी ने आते ही उथल पुथल मचा दी है। कर्मचारियों की परेशानी बढ़ गई है। केवायसी शुरू कर दी है। कर्मचारी केवायसी कराने के लिए चक्कर लगा रहे हैं। इतना ही नहीं कंपनी आने के साथ ही कर्मचारियों पर नकेल कसने की फिराक में जुट गई है। कर्मचारियों से शपथ पत्र मांगा जा रहा है। इसका कर्मचारी विरोध कर रहे हैं।

एसजीएमएच में नई कंपनी ने सम्हाली कमान, कर्मचारी हलाकान, करने लगी परेशान
file photo

रीवा। ज्ञात हो कि अभी तक संजय गांधी अस्पताल में सफाई और सुरक्षा की जिम्मेदारी यूडीएस देख रही थी। यूडीएस का अनुबंध हाइट्स के साथ खत्म हो गया है। अब उसकी जगह पर भोपाल से एजाइल सिक्युरिटी फोर्स प्राइवेट लिमिटेड ने इंट्री कर दी है। कंपनी के अधिकारियों ने रीवा में डेरा डाल लिया है। यूडीएस से कार्यों के अधिग्रहण की कार्रवाई चल रही है। इतना ही नहीं कर्मचारियों का भी नए सिरे से केवायसी कराया जा रहा है। सारी जानकारी नए सिरे से भरवाई जा रही है। दो दिन से संजय गांधी अस्पताल में मेला लगा हुआ है। कंपनी के अधिकारी भी मौजूद हैं। कर्मचारियों से सारी जानकारी तो ली ही जा रही है। कुछ लोगों से शपथ पत्र भी मांगा जा रहा है। शपत्र पत्र में लिखवाया जा रहा है कि यदि वह काम के दौरान हड़ताल या फिर अन्य गतिविधि में शामिल होते हैं तो उनके खिलाफ नौकरी से बाहर किए जाने की कार्रवाई की जाएगी। अनैतिक गतिविधि में संलिप्त पाए जाने पर कंपनी कार्रवाई के लिए स्वतंत्र होगी। इस तरह का शपथ पत्र कर्मचारियों से मांगा जा रहा है। इसी का कर्मचारी विरोध भी कर रहे हैं। हालांकि यह शपथ पत्र सभी से नहीं लिया जा रहा है।