पति की शिकायत किसी ने नहीं सुनी, पत्नी की शिकायत पर पूरे घर को पीटा

एक पति ने पत्नी की प्रताडऩा के खिलाफ थाना में शिकायत दर्ज कराई। महिला थाना में बयान भी हुआ लेकिन कार्रवाई कुछ नहीं हुई। वहीं पत्नी ने पुलिस से शिकायत की तो पति और उसके घर वालों पर पुलिस ने कहर बरसा दिया। सब को बंद कर पीटा। पीडि़त ने इसकी शिकायत आईजी से शिकायत की है।

पति की शिकायत किसी ने नहीं सुनी, पत्नी की शिकायत पर पूरे घर को पीटा
फाइल फोटो

रीवा। अरुण कुमार यादव पिता अच्छे लाल यादव निवासी वार्ड क्रमांक 44 महाजन टोला थाना बिछिया ने आईजी से की गई शिकायत में बताया कि 13 अगस्त 2023 की रात्रि करीब 10 बजे खाना खाकर वह कमरे में गया। कमरे की लाइट बंद थी। कुछ देर बाद पत्नी से पानी मांगा तो वह पानी लेकर आई। पानी पीने के 7-8 मिनट बाद बेचैनी और उल्टी होने लगी। वह बिस्तर से उठा तो पत्नी ने धक्का मारकर बिस्तर से नीचे गिरा दिया। ब्लेेड से बांये हाथ में हमला कर दिया। शिकायत में कहा कि पत्नी ने पति से कहा कि वह जहर दी है। यह सुनते ही पति चिल्लाने लगा। घर वाले पहुंचे। उसे अस्पताल लेकर गए। संजय गांधी अस्पताल में इलाज चला। 14 अगस्त 2023 को सास, पत्नी और चाचा का लड़का आया। पत्नी उनके साथ मायके चली गई। अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद अरुण यादव बिछिया थाना पहुंचे। उन्होंने रिपोर्ट लिखानी चाही लेकिन उन्हें भगा दिया गया। इसके बाद 17 अगस्त 2023 को अरुण ने एसपी से शिकायत की। एसपी से शिकायत के बाद महिला थाना में अरुण का बयान दर्ज कराया गया लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। वहीं पत्नी की शिकायत पर 22 अगस्त 2023 को थाना बिछिया की पुलिस उनके घर पहुंची। अरुण की मां, बहन को गंदी गंदी गालियां दीं। अरुण पर पुलिस ने 151 का मामला दर्ज कर दिया। पुलिस थाना ले जाकर मारपीट भी की गई। इसके बाद अरुण को पुलिस ने जेल भेज दिया। जमानत मिलने पर रिहा हुआ। पीडि़त की सुनवाई कहीं नहीं हुई। जबकि उन्होंने पहले ही थाना में शिकायत की थी। न्याय नहीं मिलने और पुलिस की बर्बाता के खिलाफ पीडि़त अरुण ने आईजी से शिकायत की है। मामले की जांच कराकर कार्रवाई किए जाने की मांग की है।