3 दिसंबर को कितने कमरों में और कितने राउंड चलेगी मतों की गिनती, कैसे पहुंचेगी टेबिल तक ईवीएम जानिए यह सारी बातें....

विधानसभा चुनाव में मतगणना को लेकर तैयारियां शुरू हो गई। इंजीनियरिंग कॉलेज में चार हाल और 6 कमरों में मतगणना होगी। एक विधानसभा में ईवीएम के लिए 14 टेबिल लेगेंगी। वैलेट पेपर की गिनती के लिए अलग टेबिल लगाई जाएगी। सभी टेबिल पर दो से तीन कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई जाएगी।

3 दिसंबर को कितने कमरों में और कितने राउंड चलेगी मतों की गिनती, कैसे पहुंचेगी टेबिल तक ईवीएम जानिए यह सारी बातें....
file photo

इंजीनियरिंग कॉलेज में कुल 6 कमरे और 4 हाल को चिन्हित किया गया

रीवा। ज्ञात हो कि विधानसभा चुनाव 2023 का मतदान 17 नवंबर को हुआ। अब 3 दिसंबर को काउंटिंग होगी। मतदान के बाद ईवीएम इंजीनियरिंग कॉलेज में बनाए गए स्ट्रांग रूम में सुरक्षित रखवा दिया गया है। स्ट्रांग रूम के बाद पहरा बैठा दिया गया है। इसके अलावा ईवीएम की निगरानी सीसीटीवी कैमरे से भी की जा रही है। मतदान के बाद अब जिला प्रशासन मतगणना में जुट गया है। मतगणना के लिए कमरों का चयन भी कर लिया गया है। इंजीनियरिंग कॉलेज में कुल 6 कमरे और 4 हाल को चिन्हित किया गया है। एक कमरे में 7 टेबिलें लगाई जाएगी। एक विधानसभा के लिए दो कमरे चिन्हित किए गए हैं। जिन विधानसभा की गिनती कमरों में होगी। वहां दो कमरों में 14 टेबिलें ईवीएम के लिए लगाई जाएंगी। वहीं जहां हाल में गिनती होगी। वहां एक साथ 14 टेबिलें लगाई जाएंगी। एक हाल बड़ा है। यहां एक साथ देा विधानसभा के गिनती की व्यवस्था की गई है। यहां एक कमरे में दो विधानसभा के हिसाब से 28 टेबिलें लगेंगी। मतगणना के लिए तैयारियां तेज हो गई है। कमरों में जालियां लगाई जा रही हैं। जिससे एजेंट और मतगणना कर्मचारियों के बीच दूरियां बनी रहे।
अब यह समस्या भी कर दी गई है खत्म
अभी तक मतदान के बाद प्रत्याशी सीसीटीवी और स्क्रीन को लेकर हल्ला मचा रहे थे। स्ट्रांग रूम तक प्रत्याशी और एजेंट पहुंच नहीं पा रहे थे। बाहर से ही स्क्रीन पर नजर रखनी पड़ रही थी। अब इंजीनियरिंग कॉलेज के अंदर कमरों में मतगणना की तैयारियों को लेकर काम शुरू हो गया है। ऐसे में एजेंटों को अंदर तक जाने की भी अनुमति दे दी गई है। इतना भी कह दिया गया है कि वह स्ट्रांग रूम के सामने से निगरानी कर सकते हैं। हालांकि स्क्रीन चालू हैं। इस व्यवस्था से आरोप प्रत्यारोप से जिला प्रशासन को राहत मिलेगी।
सारी व्यवस्थाएं मतगणना स्थल पर ही रहेंगी
विधानसभा प्रत्याशियों के एजेंटों को मतगणना स्थल पर सुबह से ही इंट्री मिल जाएगी। इन्हें मतगणना स्थल पर ही सारी सुविधाएं उपलब्ध कराने के इंतजाम किए जाएंगे। पीने के पानी आदि की सुविधा वहीं पर उपलब्ध कराई जाएगी। बार बार बाहर जाने और आने की अनुमति एजेंटों को नहीं होगी। ऐसे में एजेंटों को पूरी तैयाारी के साथ मतगणना स्थल पर आना होगा।
वैलेट पेपर की गिनती अलग होगी
मतगणना स्थल पर विधानसभावार ईवीएम के लिए अलग और वैलेट पेपर की गिनती के लिए अलग टेबिलें लगेंगी। जहां वैलेट पेपर की संख्या अधिक होगी। उस विधानसभा में टेबिलें भी अधिक लगेंगी। कम से कम एक टेबिल वैलेट पेपर के लिए लगाई जाएगी। वहीं संख्या के हिसाब से टेबिलों की संख्या बढ़ाई भी जा सकेगी।
करीब 350 कर्मचारियों की लगेगी ड्यूटी
मतगणना में करीब 350 कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई जाएगी। एक टेबिल पर यदि तीन कर्मचारी भी तैनात किए जाएंगे तो इस लिहाज से यह संख्या 336 तक पहुंचती है। इसके अलावा हर विधानसभा में एक रिटर्निंग और एक सहायक रिटर्निंग आफीसर भी मौजूद रहेगा। इससे यह संख्या करीब 350 के आसपास पहुंचेगी। इन कर्मचारियों को मतगणना को लेकर ट्रेनिंग दी जा चुकी है।
ईवीएम से कक्ष तक लाने का भी बनेगा रोडमैप
ईवीएम फिलहाल स्ट्रांग रूम में है। अलग अलग विधानसभा के लिए अलग अलग कक्ष बनाए गए हैं। इन स्ट्रांग रूम से मतगणना कक्ष तक ईवीएम को लाने के लिए भी रोडमैप तैयार किया जाएगा। जिससे ईवीएम लाने वाले कर्मचारी गलत विधानसभा में न पहुंच जाए। इसके लिए ईवीएम लाने का भी मार्ग तय किया जाएगा। जहां पर रास्ते दूसरे विधानसभा से क्रास होंगे। वहां पर कर्मचारियों को तैनात किया जाएगा।
किस विधानसभा में कितने राउंट होगी गिनती
 विस    मतदान केन्द्र  काउंटिंग राउंड
सिरमौर    243            18   
सेमरिया    241            18
त्योंथर     231             17
मऊगंज    251             18
देवतालाब  267             19
मनगवां     281            20
रीवा          244            18
गुढ़           256            19
----------------------
मतगणना को लेकर तैयारियां चल रही है। चार हाल का चयन किया गया है। इसमें एक हाल काफी बड़ा है। इसमें दो विधानसभा की गिनती की जाएगी। एक विधानसभा में 14 टेबिल लगाए जाएंगे। वैलेट पेपर के लिए अलग टेबिल लगाई जाएंगी।
शैलेन्द्र सिंह
अपर कलेक्टर, रीवा