गुंडों का तांडव: 1 घंटे में दो वारदात, रिटायर्ड पुलिस अधिकारी के बेटे ने तानी पिस्टल तो वेटर कहने पर चले लातघूंसे

रविवार को बस स्टैण्ड में गुंडों ने जमकर तांडव मचाया। बस स्टैण्ड के अंदर ही एक घंटे के अंदर ही दो बड़ी वारदात हो गईं। पान ठेले पर सिगरेट और पान का पैसा मांगने पर एक रिटायर्ड पुलिस अधिकारी के बेटे ने दुकानदार पर पिस्टल तान दी। वहीं दूसरी वारदात मार्तण्ड होटल में ग्राहक को वेटर कहने पर हुई। जमकर लात घूंसे चले। मामला थाना पहुंचा। दोनों मामलों में अपराध कायम किया गया है।

गुंडों का तांडव: 1 घंटे में दो वारदात, रिटायर्ड पुलिस अधिकारी के बेटे ने तानी पिस्टल तो वेटर कहने पर चले लातघूंसे
युवक को होटल में पीटते हुए आरोपी

रीवा।  पहली वारदात पुराने बस स्टैण्ड में करीब 10 बजे के आसपास की है। यहां अनिरुद्ध साकेत पिता स्व राधेश्याम साकेत बकिया, पुष्पेंन्द्र सिंह पिता अर्जुन सिंह वार्ड 4 दोनों पान की दुकान पर पहुंचे। दोनों ने सिगरेट पी और पान खाया। इसके दुकानदार ने जब रुपए मांगे तो विवाद करने लगे। दोनों शराब के नशे में थे। इसी बात पर विवाद बढ़ गया। युवकों ने दुकानदार पर ही पिस्टल तान दी। विवाद चल ही रहा था कि तभी मौके पर सिविल लाइन पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने दोनों युवकों को पकड़ कर थाना ले गए। शिकायत के बाद मामला दर्ज कर लिया। युवकों के पास से पिस्टल तो मिली लेकिन पुलिस ने बताया कि वह नकली थी। जबकि प्रत्यक्षदर्शी असली बता रहे थे। इनके खिलाफ धारा 151 के तहत कार्रवाई की गई है।
फिल्मी स्टाइल में चले तालघूंसे, वीडियो देखकर रह जाएंगे दंग
दूसरी घटना करीब 11 बजे मार्तण्ड होटल में हुई। यहां दो ग्रुप खाना खाने पहुंचे थे। दोनों ही अलग अलग जगह के थे। एक ग्रुप कबाड़ी मोहल्ला का था। राम अंगद लोनिया और राज लोनिया के साथ दो और लड़के थे। वहीं दूसरा ग्रुप सुभाष शुक्ला का था। दोनों ही ग्रुप खाने के लिए पहुंचे थे। तभी कबाड़ी मोहल्ला के लड़कों ने दूसरे पक्ष के एक लड़के को वेटर समझ लिया और वेटर कह कर खाने का आर्डर लेने को बोल दिया। इसी बात पर दोनों पक्ष में विवाद हो गया। विवाद के बाद कबाड़ी मोहल्ला के युवकों ने दूसरे पक्ष के युवकों की जमकर धुनाई की। होटल से मारते हुए बाहर तक ले गए। इस पूरी मारपीट का वीडियो सीसीटीवी में रिकार्ड हो गया। सीसीटीवी में रिकार्डिंग देखकर कोई भी दंग रह जाएगा। कबाड़ी मोहल्ले के लड़कों ने दूसरे पक्ष के लड़कों को जमीन पर गिरा गिरा कर पैरों से मारा। इतना ही नहीं चेहरे पर भी लात से किक मार रहे थे। यह पूरी तरह से फिल्मी फाइट की तरह ही थी। मारपीट को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पीडि़त सुभाष शुक्ला की शिकायत पर सिविल लाइन पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। उनकी तलाश जारी है।