11 हजार केवी लाइन के करंट से आउट सोर्स कर्मचारी गंभीर

विद्युत विभाग की फिर बड़ी लापरवाही सामने आई है। इस लापरवाही की सजा एक आउटसोर्स कर्मचारी को भुगतनी पड़ी। 11 केवी लाइन का सुधार कार्य करने खंभे में कर्मचारी चढ़ा था। तभी लाइन आपरेटर ने चालू कर दी। करंट की चपेट में आने से आउटसोर्स कर्मचारी बुरी तरह से झुलस गया। जिसे गंभीर हालत में साथियों ने संजय गांधी अस्पताल में भर्ती कराया है। जहां घायल का इलाज जारी है।

11 हजार केवी लाइन के करंट से आउट सोर्स कर्मचारी गंभीर

रीवा । मिली जानकारी के अनुसार घायल आउटसोर्स कर्मचारी का नाम महाबली विश्वकर्मा है। वह मनगवां डीसी अंतर्गत उप बिजली वितरण केंद्र कंदैला में खंभेे में चढ़कर 11 केवी लाइन में मेंटीनेंस काम कर रहा था। इसी बीच यह हादसा हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि  बिजली खम्भे में जलते हुए महाबली नीचे गिरा। जिसके बाद उसे गंभीर हालत में संजय गांधी अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया गया है।हद तो यह है कि हादसे के बाद अधिकारियों ने संवेदना नहीं दिखाई। उल्टा मौके पर पहुंचे जेई आकाश दीप जैयसवाल अभद्रता पर उतारू हो गए।  घटना बुधवार दोपहर 12 बजे के आसपास की बताई जा रही है। यह सारी लापरवाही आपरेटर के कारण हुई है। सब स्टेशन में पदस्थ आपरेटर ने परमिट के बाद भी लाइन चालू कर दी। जिसके कारण आउटसोर्स कर्मचारी बुरी तरह से घायल हो गया। इस तरह की लापरवाही आए दिन सामने आ रही है। चंद दिनों में दो और कर्मचारी झुलस चुके हैं। पहले भी कई हादसे हुए। इसके बाद भी विभाग हादसों से सबक नहीं लिया।