पीडब्लूडी के कर्मचारी, बंगलों में कर रहे बेगारी, झाडू लगा रहे, रिटायर एसडीओ के बंगले में भी लगे हैं

पीडब्लूडी के मजदूर बंगलों में झाडू, पोंछा कर रहे हैं। विभागीय काम छोड़कर अधिकारियों के निजी काम कर रहे हैं। अधिकारियों के बंगलों में बेगारी कर रहे हैं और वेतन शासन दे रहा है। इसकी शिकायत अधिवक्ता बीके माला ने कमिश्नर रीवा संभाग रीवा से की है। कार्यपालन यंत्री पीडब्लूडी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

पीडब्लूडी के कर्मचारी, बंगलों में कर रहे बेगारी, झाडू लगा रहे, रिटायर एसडीओ के बंगले में भी लगे हैं
शिकायत कापी

रीवा। ज्ञात हो कि एक समय था जब  पीडब्लूडी निर्माण एजेंसी खुद ही सड़कों का निर्माण कार्य करती थी। विभाग के पास हजारों की संख्या में दैनिक वेतनभोगी कर्मचारी थी। सड़कों का निर्माण, मेंटीनेंस आदि का काम इन्हीं के भरोसे होता था लेकिन अब ठेकेदारी प्रथा के कारण सब बंद हो गया। हालांकि कर्मचारी कहीं नहीं गए है। कईयों का नियमितीकरण हो चुका है। कई रिटायर हो गए हैं। फिर भी वर्तमान में सैकड़ों कर्मचारी कागजों में काम कर रहे हैं। इनका कहीं पता नहीं है। सभी बंगलों में झोंक दिए गए हैं। अधिकारियों के घरों में यह कर्मचारी जी हजूरी कर रहे हैं। पोंछा झाडू लगा रहे हैं। इस पर अधिवक्ता बीके मामला ने आपत्ति दर्ज करते हुए कश्मिनर रीवा संभाग रीवा से शिकायत की है। शिकायत में उन्होंने पीडब्लूडी के कार्यपालन यंत्री मनोज कुमार द्विवेदी पर ही सारा ठीकरा फोड़ा है।

शिकायत में कहा है कि कार्यपालन यंत्री मनोज कुमार द्विवेदी ने शासकीय मजदूरों से शासकीय कार्य न कराकर घरेलू कार्य कराया जा रहा है। इनका वेतन शासन के खाते से दिया जा रहा है। शिकायत में कहा गया है कि कार्यपालन यंत्री के बंगले में श्रमिक राजेश कुशवाहा, नंदलाल पटेल, रामपाल कुशवाहा, गोविंद कुशवाहा, रामबकाश कुशवाहा, किशोरी लाल पटेल, राजू पटेल, रजवंती  काम कर रहे हैं। कुल 8 लोग बंगले में लगे हैं।

इसी तरह एसडीओ ओंकारनाथ मिश्रा के बंगले में कामता कुशवाहा, दिनेश वर्मा, सुखलापल पटेल, रामशरण कुशवाहा व चार अन्य कर्मचारी काम कर रहे हैं।

कमलकांत गर्ग का घर पीडब्लूडी अधीक्षण यंत्री के पीछे शासकीय बंगला एफ 6 अवैध तरीके से रह रहे हैं। इनके यहां घरेलू कार्य करने के लिए मनोज कुमार द्विवेदी ने शासकीय कर्मचारी रामप्रकाश साहू, रामबक्स, रामवती, रामपति पटैल, प्रेमवती पटेल, बुटान पटेल, प्रेमवती कुशवाह को लगाया गया है। रामप्रताप कुशवाहा को केके गर्ग के धवारी सतना आवास में तैनात किया गया है। शिकायत में कहा गया है कि कार्यपालन यंत्री मनोज कुमार दुबे शासकीय राशि और पद का दुरुपयोग कर रहे हैं। शासकीय कर्मचारियों से घरेलू कार्य कराया जा रहा है। ऐसे में इस खर्च की वसूली भी इन अधिकारियों से ही होनी चाहिए। कमिश्नर से शिकायत में कहा गया है कि इस मामले की गोपनीय जांच कराकर बंगलों में लगे लेबरों को बंगला कार्य से मुक्त कराया जाए।