पौधरोपण महाअभियान शुरू: रीवा जिला में रोपे जाएंगे 7 लाख पौधे, इन पहाडिय़ों को हरा भरा करने का है लक्ष्य

पौधरोपण महाअभियान का शनिवार को शुभारंभ हुआ। जीडीसी कॉलेज में कार्यक्रम का आयोजन कर इसकी शुरुआत कलेक्टर और सीईओ ने की। रीवा जिला में 7 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है। इस अभियान की शुरुआत के साथ ही जीडीसी में 150 पौधे लगाए गए। इसें छात्राओं और शिक्षकों की भागीदारी रही।

पौधरोपण महाअभियान शुरू: रीवा जिला में रोपे जाएंगे 7 लाख पौधे, इन पहाडिय़ों को हरा भरा करने का है लक्ष्य

कलेक्टर ने सभी से अपील की एक पौधा जरूर मांग के नाम से लगाएं
रीवा। जिले भर में 6 और 7 जुलाई को पौधरोपण का महाअभियान चलाया जा रहा है। एक पेड़ माँ के नाम के संकल्प के साथ जिले भर में पौधे रोपित किए जा रहे हैं। इस अभियान में स्वयंसेवी संस्थाओं, सामाजिक संगठनों तथा आमजनता के सहयोग से जिले भर में पौधे रोपित किए जा रहे हैं। कलेक्टर  प्रतिभा पाल ने शासकीय कन्या महाविद्यालय में आम का पौधा रोपित कर पौधरोपण महाअभियान का शुभारंभ किया। इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ सौरभ सोनवणे, अतिरिक्त संचालक उच्च शिक्षा डॉ आरपी सिंह एवं महाविद्यालय के प्राध्यापकों तथा छात्राओं ने भी पौधारोपण किया।


कलेक्टर ने इस वर्ष की भीषण गर्मी को याद दिलाया
इस अवसर पर कलेक्टर श्रीमती पाल ने कहा कि इस वर्ष की गर्मी ने हम सबको पर्यावरण संतुलन को बनाए रखने के लिए सचेत किया है। लगातार पृथ्वी का बढ़ता तापमान पर्यावरण के साथ-साथ सभी जीवों के लिए बड़ा खतरा है। इसे नियंत्रित करने का एक मात्र उपाय यही है कि हम बड़ी संख्या में पौधे रोपित कर अपनी धरा को हरा-भरा बनाएं। साथ ही जो वृक्ष और वनस्पतियाँ हमारे आसपास उपलब्ध हैं उन्हें संरक्षित करें। पौधरोपण को अपना सामाजिक और प्राकृतिक कत्र्तव्य मानकर पूरा करें। वृक्षों का महत्व हमें अप्रैल से जून तक की भीषण गर्मी में भलीभांति समझ में आता है। कड़ी धूप में छोटा सा वृक्ष भी बड़ी शीतलता देता है। कलेक्टर ने कहा कि जिले भर में 30 जुलाई तक पौधरोपण का महाअभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान में हर व्यक्ति कम से कम एक पौधा अवश्य रोपित करे।
कलेक्टर ने कहा कि पौधरोपण महाअभियान में जिले में सात लाख पौधे रोपित किए जाएंगे। वन विभाग, ग्रामीण विकास विभाग, शिक्षा विभाग, तथा अन्य विभागों ने इसके लिए पूरी तैयारी कर ली है। जिले की चार पहाडिय़ों को पौधे रोपित करके हरियाली की चादर ओढ़ायेंगे। किसान अपने खेतों की मेड़ पर फलदार और छायादार वृक्ष लगाएं। विद्यार्थी अपने शिक्षण संस्थान परिसर तथा घरों के आसपास पौधे रोपित करें। इन पौधों की एक साल तक देखभाल कर लेंगे तो इनका जीवन सुरक्षित रहेगा। पौधों का जीवन सुरक्षित रहा तो हमारा जीवन भी सुरक्षित रहेगा। जिनके पास जमीन नहीं है वे गमलों में ही छोटे पौधे रोपित करें।
कलेक्टर ने कहा सिक्किम से हमें सीखना चाहिए
 देश में सिक्किम ऐसा राज्य है जहाँ 83 प्रतिशत वन है। इसके बावजूद सिक्किम के हर घर में आपको आंगन और बालकनी में सुंदर पौधों के गमले अनिवार्य रूप से मिलेंगे। यह सिक्किम वासियों की पर्यावरण के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है। इसी तरह की प्रतिबद्धता से पौधरोपण संरक्षण का अभियान सफल होगा।
पौधे लगाने के बाद उसकी देखभाल भी करें: प्रज्ञा त्रिपाठी
समारोह में महाविद्यालय की जनभागीदारी समिति की अध्यक्ष  प्रज्ञा त्रिपाठी ने कहा कि पौधरोपण करने के साथ हर व्यक्ति उनकी समुचित देखभाल करे। फलदार और छायादार पौधों को रोपित करें।  श्रीमती त्रिपाठी ने महाविद्यालय को निकट भविष्य में रिक्त हो रहे जिला न्यायालय भवन को प्रदान करने की माँग रखी जिससे बेटियों की शिक्षा को बेहतर किया जा सके। समारोह में जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक प्रवीण पाठक ने बताया कि रीवा शहर में पौधरोपण के लिए 40 सुरक्षित स्थानों का निर्धारण कर लिया गया है। इनमें स्वयंसेवी संस्थाओं के सहयोग से पौधे रोपित किए जाएंगे। श्री पाठक ने वायुदूत एप के माध्यम से व्यक्तिगत रूप से रोपित पौधों की जानकारी ऑनलाइन दर्ज करने की प्रक्रिया की भी जानकारी दी। अतिथियों का स्वागत महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ विभा श्रीवास्तव ने किया। समारोह में  अर्चना सिंह, प्रोफेसर एचजीआर त्रिपाठी, अन्य प्राध्यापकगण, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि तथा छात्राएं उपस्थित रहीं।
-------------------
पौधरोपण अभियान की मॉनिटरिंग के लिए अधिकारी तैनात
जिले भर में पौधरोपण का महाअभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत सात लाख से अधिक पौधे रोपित किए जाएंगे। रीवा नगर निगम क्षेत्र में अभियान के तहत 38 प्रमुख स्थानों पर बड़ी संख्या में पौधे रोपित किए जा रहे हैं। कलेक्टर  प्रतिभा पाल ने पौधरोपण अभियान की मॉनिटरिंग के लिए अधिकारियों की तैनाती की है। अपर कलेक्टर  सपना त्रिपाठी को टीआरएस महाविद्यालय, कन्या महाविद्यालय, न्यू साइंस कॉलेज, मॉडल साइंस कॉलेज, विधि महाविद्यालय तथा संस्कृत महाविद्यालय में पौधारोपण की निगरानी की जिम्मेदारी दी गई है। संयुक्त कलेक्टर पीके पाण्डेय को पशु चिकित्सा महाविद्यालय, कृषि महाविद्यालय, इंजीनियरिंग कॉलेज, शिक्षा महाविद्यालय तथा पॉलिटेक्निक कॉलेज में तैनात किया गया है। संयुक्त कलेक्टर डॉ अनुराग तिवारी को अवधेश प्रताप सिंह विश्वविद्यालय आयुर्वेद महाविद्यालय, जेएनसीटी कॉलेज, शासकीय मार्तण्ड उमावि क्रमांक दो एवं डिप्टी कलेक्टर श्रेयश गोखले को उमावि गोड़हर, हाईस्कूल समान, उमावि करहिया तथा शासकीय मार्तण्ड उमावि क्रमांक तीन में तैनात किया गया है। कलेक्टर ने एसडीएम हुजूर वैशाली जैन को केन्द्रीय विद्यालय क्रमांक दो, संयुक्त संचालक पशुपालन कार्यालय, दृष्टिबाधित विद्यालय तथा जमुना प्रसाद शास्त्री नेत्रहीन विद्यालय की जिम्मेदारी दी है। संयुक्त कलेक्टर आरके सिन्हा को बिलाबाग स्कूल, गुरूकुल स्कूल, उमावि निपनिया, जिला होमगार्ड कार्यालय, उमावि बदरांव तथा संत निरंकारी ट्रस्ट की जिम्मेदारी दी गई है। संयुक्त संचालक सामाजिक न्याय अनिल दुबे को सरदार पटेल संस्थान निराला नगर, मडफ़ेश्वर महादेव मंदिर चोरहटा, विश्वविद्यालय स्टेडियम हाईस्कूल दुआरी, पिछड़ावर्ग छात्रावास परिसर, गायत्री शक्तिपीठ तथा ब्राम्हकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय द्वारा किए जा रहे पौधरोपण की मॉनिटरिंग के लिए तैनात किया है। कलेक्टर ने कहा है कि सभी अधिकारी निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 8 जुलाई से 30 जुलाई तक व्यवस्थित रूप से पौधे रोपित कराएं। संबंधित शिक्षण संस्थाओं के प्राचार्य एवं सामाजिक संगठनों से समन्वय बनाकर अधिक से अधिक पौधे रोपित कराएं। रोपित पौधों की जानकारी वायुदूत एप में दर्ज कराना सुनिश्चित करें। साथ ही पौधरोपण के लिए बनाए गए जिला स्तरीय वाट्सएप ग्रुप में आकर्षक फोटो के साथ पूरा विवरण देते हुए जानकारी प्रतिदिन दर्ज कराएं। यह जानकारी जिला समन्वयक जन अभियान परिषद प्रवीण पाठक के मोबाइल नम्बर 6265421474 पर भी अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराएं।


पुलिस महानिरीक्षक ने स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स में किया पौधारोपण
रीवा। जिले भर में चलाए जा रहे एक पेड़ माँ के नाम अभियान में लगातार पौधे रोपित किए जा रहे हैं। इस क्रम में पुलिस महानिरीक्षक रीवा महेन्द्र सिंह सिकरवार ने स्पोर्ट्स काम्पलेक्स में पौधे रोपित किए। पुलिस महानिरीक्षक ने खिलाडिय़ों और युवाओं को पौधरोपण की शपथ दिलाई। पुलिस महानिरीक्षक ने स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स का निरीक्षण करके विभिन्न खेलों के लिए उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया। कार्यक्रम में संभागीय खेल अधिकारी एमके धौलपुरी, प्राचार्य केन्द्रीय विद्यालय  महालक्ष्मी पाण्डेय, अधिवक्ता संजय शुक्ला तथा खिलाडिय़ों ने भी पौधे रोपित किए।