पंजाब के मुख्यमंत्री का रीवा में रोड शो, कहा मप्र की जनता परिवर्तन चाहती है

आम आदमी पार्टी ने रीवा से उम्मीदवार घोषित कर दिए हैं। उनका पूरा फोकस विंध्य पर है। इसलिए लगातार पंजाब और दिल्ली के सीएम का दौरा चल रहा है। मंगलवार को पंजाब के सीएम ने रीवा में रोड शो किया। लोगों की भीड़ उमड़ी। वह इंजीनियर दीपक को अपनी कार में लेकर शहर की सड़कों पर निकले और वोट मांगा।

पंजाब के मुख्यमंत्री का रीवा में रोड शो,  कहा मप्र की जनता परिवर्तन चाहती है
रोड शो के दौरान पंजाब के मुख्यमंत्री और आप उम्मीदवार इं दीपक सिंह

रीवा। आम आदमी पार्टी से पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान 2 दिन के विंध्य दौरे पर हैं। वह यहां लगातार रैलियां कर रहे हैं। सभा को संबोधित कर रहे हैं। मंगलवार को उन्होंने सीधी में सभा की। इसके बाद रीवा पहुंचकर रोड शो किया। रीवा विधानसभा से उम्मीदवार तय हो चुके हैं। आम आदमी पार्टी ने इंजीनियर दीपक सिंह को मैदान में उतारा है। उनके समर्थन में ही पंजाब के मुख्यमंत्री ने मंगलवार को रोड शो किया। रोड शो की शुरुआत कालेज चौराहा विवेकानंद पार्क से हुई। लोगों की भारी भीड़ यहां जुटी। कालेज चौराहा से शिल्पी प्लाजा होते हुए अस्पताल चौराहा से अमहिया होते हुए वापस सिरमौर तक रोड शो चला। इस दौरान पंजाब के मुख्यमंत्री इंजीनियर दीपक सिंह को अपने साथ लेकर चल रहे थे। वह इंजीनियर दीपक सिंह के लिए जनता से वोट मांग रहे थे।

उन्होंने इस दौरान जनता से अपील की अपने वोट किसी को बेचना मत। किसी को भी डाल देना, लेकिन बेचना नहीं। इस दौरान उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश की जनता परिवर्तन चाहती है। पिछली बार भी मध्य प्रदेश की जनता ने परिवर्तन के लिए वोट दिया था। लेकिन उसमें भी परिवर्तन में परिवर्तन कर दिया गया। कांग्रेस विधायक को अपनी तरफ कर लिया गया था। लोक तंत्र की हत्या की गई थी। लोगों के पास 5 साल में एक मौका आता है। लोग उसी का इंतजार कर रहे थे। वह दिन 17 नवंबर है।  जिस दिन मध्य प्रदेश की जनता परिवर्तन के लिए जाएगी और बड़ा परिवर्तन करेगी।