आम आदमी पार्टी में बगावत, 7 विधायकों ने दिया इस्तीफा

दिल्ली विधानसभा चुनाव में वोटिंग के पहले ही आम आदमी पार्टी में बगावत शुरू हो गई है। 7 मौजूदा विधायकों ने विधायक पद और पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। आम आदमी पार्टी छोडऩे के साथ ही विधायकों ने पार्टी पर गंभीर आरोप भी लगाए हैं। विधायकों के इस्तीफा देने से पार्टी की चुनाव में मुश्किलें बढऩी तय हैं। ऐसा उस समय हुआ जब चंद दिन बाद विधानसभा चुनाव की वोटिंग होनी है।

आम आदमी पार्टी में बगावत, 7 विधायकों ने दिया इस्तीफा
File photo

विधानसभा चुनाव में टिकट नहीं दिए जाने से फैला असंतोष
नई दिल्ली। दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए मतदान से 5 दिन पहले आम आदमी पार्टी (आप) के 7 मौजूदा विधायकों ने विधायक पद और पार्टी की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। ये विधायक महरौली, त्रिलोकपुरी, जनकपुरी, बिजवासन, पालम, आदर्श नगर, कस्तूरबा नगर विधानसभा सीटों का प्रतिनिधित्व करते हैं। हालांकि, इनमें से किसी को भी आप ने टिकट नहीं दिया है।
महरौली से 2 बार विधायक रहे नरेश यादव ने अपने इस्तीफे की वजह पार्टी में फैले भ्रष्टाचार को बताया। उन्होंने एक्स पोस्ट में पार्टी छोडऩे की वजह भी बताई। उन्होंने लिखा- आप का उदय भ्रष्टाचार के खिलाफ हुए अन्ना आंदोलन से भारतीय राजनीति को भ्रष्टाचार से मुक्त करने के लिए हुआ था। लेकिन अब मैं बहुत दुखी हूं कि भ्रष्टाचार आम आदमी पार्टी बिल्कुल भी कम नहीं कर पाई, बल्कि आप ही भ्रष्टाचार के दलदल में धंस चुकी है। मैंने ईमानदारी की राजनीति को आगे बढ़ाने के लिए ही आप जॉइन की थी। आज कहीं भी ईमानदारी नजर नहीं आ रही है। मैंने महरौली विधानसभा क्षेत्र में पिछले 10 सालों से लगातार 100 फीसदी ईमानदारी से काम किया है। महरौली के लोग जानते हैं कि मैंने ईमानदारी, अच्छे व्यवहार और काम की राजनीति की है।
यादव ने लिखा कि मैंने महरौली के बहुत से लोगों से चर्चा की। सभी ने यही कहा कि आप अब पूरी तरह से भ्रष्टाचार में लिप्त हो चुकी है। आपको इस पार्टी को छोड़ देना चाहिए, क्योंकि इन्होंने लोगों के साथ धोखा किया है। दिल्ली की जनता जानती है कि आम आदमी पार्टी ने भ्रष्टाचारियों को ही पार्टी में शामिल कर लिया है।

5 फरवरी को वोटिंग, 8 को रिजल्ट
दिल्ली में 5 फरवरी को सभी 70 सीटों पर वोटिंग होगी। वहीं, 8 फरवरी को नतीजे घोषित किए जाएंगे। 70 विधानसभा सीटों के लिए कुल 699 उम्मीदवार मैदान में हैं। विधानसभा का मौजूदा कार्यकाल 23 फरवरी को खत्म हो रहा है। इससे पहले इन विधायकों का इस्तीफा आप के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है।