किसानों के लिए राहत भरी खबर, बदल गया मौसम का मिजाज, होगी बारिश

किसानों के लिए राहत भरी खबर है। आने वाले दिनों में मौसम मेहरमान होने वाला है। आसमान से राहत की बूदें गिरेगी। इरान और अफगानिस्तान में बना पश्चिमी विक्षोभ रीवा में भी बारिश कराएगा। 28 नवंबर को बारिश हो सकती है। हालांकि मौसम रविवार से ही बदल गया है। प्रदेश में कई शहरों में जोरदार बारिश हुई है।

किसानों के लिए राहत भरी खबर,   बदल गया मौसम का मिजाज, होगी बारिश
file photo mausam

रीवा। ज्ञात हो कि इस मर्तबा बारिश कमजोर हुई। कमजोर बारिश का असर अब रबी सीजन में दिख रहा है। जमीन में नमीं ही नहीं है। इसके अलावा गेंहू की बुआई का भी समय आ गया है। खेतों में पलेवा देना है। किसान बोर से पानी खेतों में भर रहे हैं। जिनके पास यह सुविधा नहीं है, वह किसान आसमान की तरफ टकटकी लगा रहे हैं। कई जगहों पर अभी नहरों में पानी भी नहीं पहुंचा है। ऐसे में सुविधाहीन किसानों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है।  आसमान से राहत की बारिश हो सकती है। मौसम विभाग की मानें तो 28 नवंबर को मध्यप्रदेश के कई जिलों में यह बारिश हो सकती है। इनमें रीवा भी शामिल हैं। रीवा में बारिश होने से किसानों को राहत मिलेगी।
गुजरात, राजस्थान से होकर गुजर रहा है पश्चिमी विक्षोभ
मौसम विभाग के मौसम विशेषज्ञ संदीप शर्मा की मानें तो ईरान और अफगानिस्तान में पश्चिमी विक्षोभ बना हुआ है। यह विक्षोभ चक्रवातीय परिसंचरण रेखा गुजरात और राजस्थान से होकर गुजर रही है। इसका सीधा असर मप्र पर भी पड़ेगा। इसी विक्षोभ के कारण रीवा में भी बारिश के आसार बन रहे हैं। 28 नवंबर को यहां जोरदार बारिश हो सकती है।
बारिश के बाद बढ़ेगी ठंड
नवंबर महीना खत्म हो रहा है, लेकिन ठंड अपने शबाब पर नहीं आई है। हालांकि पिछले एक दिन से मौसम में थोड़ी बदलाव जरूर आया है। सुबह और शाम को कोहरा भी पडऩा शुरू हो गया है। 28 नवंबर को बारिश के बाद मौसम में बदलाव होगा। ठंड तेज होने के भी आसार हैं।
किसानों को मिलेगी राहत
इस बारिश से सबसे बड़ी राहत किसानों को मिलेगी। किसान गेहूं की बुआई का इंतजार कर रहे हैं। पलेवा लगा रहे हैं। यदि बारिश जोरदार होती है तो उन्हें बोर से पानी भरने से राहत मिल जाएगी। किसानों का खर्च कम हो जाएगा। यह बारिश किसानों के लिए अमृत का काम करेगी।