12 राज्यों में होने वाली है राहत की बारिश और इन राज्यों में हीटवेव की चेतावनी

भीषण गर्मी से तप रहे कुछ राज्यों को राहत मिलने वाली है। देश के 12 राज्यों में जल्द ही मानसूनी बारिश होने वाली है। मौसम विभाग ने शुक्रवार से 12 राज्यों में बारिश् शुरू हो जाएगी। वहीं कुछ राज्यों को राहत मिलने में अभी वक्त लगेगा। गर्मी का सितम जारी रहेगा। इन राज्यों को हीटवेव की चेतावनी दी गई है।

12 राज्यों में होने वाली है राहत की बारिश और इन राज्यों में हीटवेव की चेतावनी
file photo

मानसून तेजी से आगे बढ़ रहा, 12 राज्यों में शुक्रवार से शुरू होगी बारिश
नई दिल्ली। मौसम विभाग ने गुरुवार को बताया कि मानसून देश में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उसने देश के 12 राज्यों में शुक्रवार के लिए तेज बारिश का अलर्ट जारी किया है। इनमें पश्चिम बंगाल, सिक्किम, असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, केरल, कर्नाटक और तेलंगाना शामिल हैं। मानसून के कारण बुधवार को गोवा-महाराष्ट्र में तेज बारिश हुई है। महाराष्ट्र के ठाणे जिले में कल्याण-अहमदनगर राजमार्ग के मालशेज घाट पर भारी बारिश के कारण भूस्खलन हुआ। इससे पहाड़ी से एक बड़ा पत्थर ऑटो रिक्शा पर गिर गया। हादसे में चाचा-भतीजे की मौत हो गई। महाराष्ट्र के चंदवाड के असरखेड़े गांव में बादल फटने जैसी बारिश हुई। बारिश का पानी अंगूर के बगीचों में नदी की तरह बह रहा था। इसमें एक बाइक फंस गई। नासिक जिले में भी दो दिन से बारिश जारी है। गुजरात में भी अनुमानित समय से 4 दिन पहले ही मंगलवार को मानसून पहुंच गया था। बुधवार को यहां भारी बारिश हुई। राज्य के हर जिले में गुरुवार को भी बारिश हो सकती है।
कई राज्यों में सता रही गर्मी, हीटवेव की चेतावनी
उधर, उत्तर भारत के कई राज्यों में तेज गर्मी पड़ रही है। मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश, बिहार और झारखंड के लिए सीवियर हीटवेव का अलर्ट जारी किया है। वहीं, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, ओडिशा, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और राजस्थान में भी लू की चेतावनी जारी की गई है। बुधवार को इन राज्यों में कई शहरों का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया था। उत्तर प्रदेश का प्रयागराज लगातार दूसरे दिन देश में सबसे गर्म रहा। यहां तापमान 47 डिग्री के पार रिकॉर्ड किया गया।