रीवा आम आदमी पार्टी को लगा झटका, महिला विंग की जिला अध्यक्ष भाजपा में शामिल

अब तक कांग्रेस से ही नेताओं के भाजपा में शामिल होने की दौड़ मची थी लेकिन अब दूसरी पार्टियों के नेता भी भागने लगे हैं। गुरुवार को विधानसभा सिरमौर प्रत्याशी और आम आदमी पार्टी की महिला विंग जिला अध्यक्ष ने भी भाजपा का दामन थाम दिया। इनके जाने से आम आदमी पार्टी को तगड़ा झटका लगा है।

रीवा आम आदमी पार्टी को लगा झटका, महिला विंग की जिला अध्यक्ष भाजपा में शामिल

डिप्टी सीएम के हाथों ली सदस्यता
रीवा। ज्ञात हो कि सरिता पाण्डेय सिरमौर से आम आदमी पार्टी की विधानसभा उम्मीदवार रह चुकी हैं। उन्होंने चुनाव में भाजपा और कांग्रेस को टक्कर दी थी हालांकि उन्हें चुनाव में करारी हार का सामना करना पड़ा था। विधानसभा के बाद अब लोकसभा चुनाव के पहले आम आदमी पार्टी की महिला विंग जिला अध्यक्ष सरिता पाण्डेय ने भाजपा ज्वाइन कर लिया है। उन्होंने आम आदमी पार्टी से किनारा कर लिया है। डिप्टी सीएम राजेन्द्र शुक्ला के हाथों सदस्यता ग्रहण की है। अब तक कांग्रेस ही टूट कर बिखर रही थी लेकिन अब आम आदमी पार्टी को भी रीवा से झटका लगा है। महिला विंग की जिला अध्यक्ष ने ही पलटी मार ली है। ऐसे में इसका सीधा असर इंडिया गठबंधन को भी पड़ेगा। वैसे भी विंध्य सहित रीवा में आम आदमी पार्टी काफी कमजोर है। उस पर सरिता पाण्डेय का भाजपा में चले जाना उन्हें और पीछे धकेलने का काम करेगा।