खूब तपा रीवा, पारा इतना उछला की जान कर दंग रह जाएंगे प्रदेश में सबसे गर्म रहा शहर

नौतपा खूब तप रहा है। रीवा में गर्मी ने पिछले सारे रिकार्ड तोड़ दिए। दिन का तापमान 68.2 डिग्री पर पहुंच गया। मप्र में रीवा प्रदेश में तीसरे नंबर पर रहा। अभी और रीवा का पारा ऊपर चढऩे की उम्मीद जताई जा रही है। गर्मी ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है। जनजीवन पूरी तरह से अस्त व्यस्त हो गया है।

खूब तपा रीवा, पारा इतना उछला की जान कर दंग रह जाएंगे प्रदेश में सबसे गर्म रहा शहर
file photo

24 घंटे में 4 डिग्री उछला तापमान, रात भी हुई गर्म
रीवा। पिछले 11 दिनों से जिलेवासी प्रचण्ड गर्मी झेल रहे हैं। यही हाल मंगलवार को भी जिले का रहा। मंगलवार को तो गर्मी के पारे ने बीते 24 घंटे 4 डिग्री की बड़ी छलांग लगाई। मंगलवार को दिन का तापमान 48.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया, जो इस सीजन में अब तक का सर्वाधिक तापमान है। गर्मी के चलते सर्वाधिक तापमान के मामले में मंगलवार को रीवा का नाम प्रदेश में तीसरे स्थान पर रहा। कृषि महाविद्यालय के मौसम केंद्र की माने तो इसके पहले वर्ष 2021 में और 2013 में जिले का तापमान 48 डिग्री तक पहुँचा था। नौतपा के चौथे दिन मंगलवार को गर्मी के तेवर देख लोगों ज्यादातर समय घर पर ही टिके रहे। वहीं, जो लोग कार्यालय या दुकान पहुँच गए, वह किसी तरह भवन के अंदर ही खुद को समेटने की जुगत में लगे रहे। इस तरह जिले में प्रचण्ड के गर्मी के तेवर से अब आम जनजीवन प्रभावित होने लगा है। लोगों के दैनिक कार्य नहीं हो पा रहे। दिनभर धूप इतनी तेज रहती है कि घर से बाहर निकलना कठिन होता है और शाम ढलने के बाद बाहर का कोई नहीं होता। हालाकि शाम ढलने के बाद भी वातावरण में तपन बरकरार रहती है, जिससे लोगों को किसी भी समय राहत नहीं मिल पा रही। इस प्रकार, पूरे दिन लोग इस भीषण तपन से बचने का प्रयास कर रहे हैं लेकिन बचाव नहीं हो पा रहा। तपिश के साथ दोपहर को चलने वाली लू ने भी लोगों को हलाकान कर रखा है। गर्म हवाएं घर के झरोखों से घुसकर लोगों को पूरी दोपहर सता रही हैं। लिहाजा सुबह से लेकर रात तक घर के भीतर का माहौल गर्म महसूस किया जा रहा है।
रात का तापमान में 28.6 तक पहुँचा
गौरतलब है कि इन दिनों जिला भीषण गर्मी और तपन में झुलस रहा है। पश्चिम से आ रही गर्म हवाओं ने सितम और बढ़ा दिया है। सुबह 8 बजे से ही लोगों को धूप चुभने लगी है। रात के वक्त भी लोगों को गर्मी से राहत नहीं मिल पा रही है। न्यूनतम तापमान भी रात की जबरदस्त गर्मी को दर्शित कर रहा है। बताया गया कि मंगलवार को दिन का तापमान बीते दिन से 4.0 डिग्री सेल्सियस अधिक 48.2 डि.से. दर्ज किया गया। इसी तरह,  न्यूनतम तापमान भी गत दिवस की अपेक्षा 0.1 डि.से. की बढ़त के साथ 28.6 डि.से. पर कायम हुआ।
कोई कवायद नहीं आ रही काम
जिले में गर्मी की वजह से मौजूदा हालात यह हैं कि दिन के अलावा रात को भी लोगों को नींद नहीं नसीब हो रही। पंखे तो दूर कूलर और एसी भी गर्मी से राहत नहीं दे पा रहे हैं। इस पर भी बिजली दिन और रात बराबर लोगों को रुला रही है। शहरी क्षेत्र से लेकर ग्रामीण क्षेत्र तक में बिजली असमय गुल हो जाती है। शहर के सघन क्षेत्रों में रात 12 बजे के बाद वोल्टेज कम होने की समस्या तो पिछले एक हफ्ते से आम हो गई है। वहीं, गांव वालों से तो जैसे बिजली विभाग पिछले जन्म की दुश्मनी निभा रहा हो। कब बिजली गोल कर दे या लो वोल्टेज कर दे, कोई भरोसा नहीं।
दोपहर को लू के थपेड़ों की मार
मंगलवार को जिले में बहने वाली गर्म हवा अर्थात् लू की गति 15 किलोमीटर प्रतिघंटा रही। बीते 11 दिनों से लू का प्रहार इतना तीव्र है कि लोग घर से निकलने में सहम उठते हैं। दिन के समय बहने वाली लू की तीव्रता 8 से 10 किलोमीटर प्रतिघंटे अमूमन रहती है। जिले में सूरज की तपन और लू के थपेड़ों से लोगों के दैनिक कार्य प्रभावित हो रहे हैं। दिन के वक्त अधिकांश सड़केें पूरी तरह सूनी नजर आती हैं। मौसम में नमी खत्म होने के कारण सुबह से ही लोगों का पसीना बहने लगा है।
बीते चार दिन का तापमान
दिनांक        अधि.        न्यू.
25 मई       40.8        28.5
26 मई       42.6        28.6
27 मई       44.2        28.5
28 मई       48.2        28.6
--------
सभी लोगों को गर्मी से बचने की जरूरत
- ज्यादा से ज्यादा पानी पीये
- बाहर का दूषित पानी पीने से बचें
- धूप और लू से बचने की कोशिश करें
- ताजा खाना खायें
- तरल पेय पदार्थों का सेवन बेहतर होगा
- पेट खाली न रखें
- शरीर को फुल कपड़ों से ढंक कर रखें