स्मार्ट मीटर पर बवाल, हुआ विरोध, पार्षद और विद्युत विभाग के अधिकारी भिड़ गए

स्मार्ट मीटर का बांस घाट में जमकर विरोध हुआ। विद्युत विभाग के ठेका कर्मचारियों को खदेड़ दिया गया। विरोध होने पर मौके पर विद्युत विभाग के कर्मचारी, अधिकारी पुलिस बल के साथ पहुंचे तो बवाल मच गया। पार्षद अधिकारी से भिड़ गए। जमकर कहा सुनी हुई। अधिकारियों ने बिजली कनेक्शन काटने तक की धमकी दी लेकिन पार्षद और मोहल्ले वाले मीटर लगाने को तैयार नहंी हुए। अंत में कर्मचारियों को बेरंग लौटना पड़ा।

स्मार्ट मीटर पर बवाल, हुआ विरोध, पार्षद और विद्युत विभाग के अधिकारी भिड़ गए

रीवा। ज्ञात हो कि रीवा शहर के मीटर स्मार्ट किए जा रहे हैं। नई योजना के तहत पुराने मीटरों को बदल कर नया मीटर लगाया जाना है। स्मार्ट मीटर को लेकर उपभोक्ताओं में ऐसी भ्रांति फैली कि अब उसका नाम सुनकर ही डर जाते हैं। स्मार्ट मीटर लगाने जहां भी कर्मचारी जाते हैं। वहीं पर विरोध होता है। वार्ड 13, 14, 15 के बाद मंगलवार को वार्ड 6 में भी विरोध हुआ। सुबह 11 बजे विद्युत विभाग की ठेका कंपनी के कर्मचारी बांस घाट में स्मार्ट मीटर लगाने पहुंचे। इसकी जानकारी लगते ही लोगों ने विरोध शुरू कर दिया। कुछ ही देर में कांग्रेस पार्षद भी पहुंच गए। उन्होंने भी विरोध किया। ऐसे में कर्मचारियों ने स्मार्ट मीटर लगाना रोक दिया। इसकी सूचना विद्युत विभाग के अधिकारियों को दी गई। मौके पर एई से लेकर डीई तक पहुंच गए। पुलिस बल भी पहुंचा लेकिन इसके बाद भी लोग पीछे नहीं हटे। विरोध हुआ तो टीम को वापस लौटना पड़ा।
यह आपस में भिड़ गए
बांस घाट में स्मार्ट मीटर लगाए जाने की जानकारी हुई तो मौके पर एमआईसी सदस्य और पार्षद वार्ड 6 धनेन्द्र ङ्क्षसह भी पहुंच गए। उन्होंने विरोध किया। डीई शहर संभाग और वार्ड पार्षद के बीच जमकर तू तू मैं मैं हुई। पार्षद ने कहा कि उपभोक्ताओं की अनुमति के बिना मीटर बदलने नहीं देंगे। इस पर डीई ने कहा कि यह केन्द्र सरकार की योजना है। मीटर बदले जाएंगे। डीई ने लाइट बंद कराने की बात भी कही लेकिन पार्षद नहीं मानें। उन्होंने कहा आप जेल भेज दो फिर भी मीटर नहीं लगाने देंगे। इस विरोध के बाद टीम को बैरंग लौटना पड़ा।
यह भी लगाया जा रहा है आरोप
कांग्रेस के लोगों ने विद्युत विभाग पर गंभीर आरोप लगाए हैं। कांग्रेस के लोगों को कहना है कि विद्युत विभाग सिर्फ उन्हीं वार्डों को टारगेट कर रहा है। जहां कांग्रेस पार्षद हैं। वार्ड 13, 14, 15 के बाद अब वार्ड 6 में मीटर लगाया जाने लगा है। कहीं भी भाजपा पार्षदों के वार्ड में इसकी शुरुआत नहीं की गई है।
-------------------------------------
स्मार्ट मीटर बिना उपभोक्ता की अनुमति के लगाए जा रहे हैं। इसका विरोध किया गया। हमारा साफ कहना है कि यदि ठेका या अनुबंध हुआ है तो उसे दिखाएं। लोगों को पहले जागरुक करें। इसके बाद मीटर लगाएं। इस पूरे टेंडर में गड़बड़ी की आशंका हैं। कांग्रेस सरकार बनते ही इसकी जांच कराई जाएगी। टेंडर निरस्त कराया जाएगा।
धनेन्द्र सिंह बघेल
पार्षद, वार्ड क्रमांक 6