बेरहम पति: पत्नी को आधी रात में पीटपीटकर मार डाला, शव को बिस्तर पर चादर से ढ़क हुआ फरार

रीवा जिला के गढ़ थाना अंतर्गत डगरदुआ में एक पति ने बड़ी वारदात कर दी। पत्नी की आधी रात को पीट पीटकर हत्या कर दी। शव को बिस्तर पर लिटा दिया। किसी को शक न हो, इसके लिए उसे चादर से ढक दिया। सुबह जब लोगों ने घर की हालत देखी तो उनके होश उड़ गए। चारों तरफ खून फैला था। महिला का शव बिस्तर पर पड़ा था। लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने पहुंच कर शव को कब्जे में ले लिया। वारदात के बाद पति फरार हो गया है। पुलिस तलाश में जुट गई है।

बेरहम पति: पत्नी को आधी रात में पीटपीटकर मार डाला, शव को बिस्तर पर चादर से ढ़क हुआ फरार

रीवा। मामला गढ़ थाना अंतर्गत डगरदुआ का है। यहां रहने वाले जिला बदर के आरोपी गोपाल सिंह ने अपने ही घर पर बड़ी वारदात को अंजाम दे दिया। मिली जानकारी के अनुसार गोपाल सिंह ने मंगलवार की रात को मामूली बात पर अपनी पत्नी की इतनी पिटाई की कि उसकी मौत हो गई। उसे तब तक मारता रहा जब तक उसकी जान नहीं चली गई। हत्या के बाद पत्नी को बिस्तर पर लिटा दिया। खून से लथपत पत्नी 23 वर्षीय रूपा सिंह को चादर से ढक दिया। सुबह जब गांव के लोग घर पहुंचे तब इस वारदात की भनक लगी। पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर एफएसएल टीम के वैज्ञानिक, मनगवां एसडीओपी, नायब तहसीलदार और गढ़ पुलिस मौके पर पहुंची। घटनास्थल का निरीक्षण किया। मर्ग कायम कर शव को पीएम के लिए भेज दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद पति मौके से फरार हो गया। पुलिस तलाश में जुटी हुई है। इस वारदात के पीछे पुलिस की भी लापरवाही मानी जा रही है।  जिला बदर का आरोपी अपने घर पर ही था लेकिन पुलिस उसे पकड़ नहीं पाई थी। यदि पुलिस एक्शन लेती तो इस वारदात को रोका जा सकता था।


बच्चों ने पुलिस को बताए सारे राज
घटना के संबंध में गढ़ थाना प्रभारी जानकी प्रसाद ठाकुर ने बताया कि डगरदुआ गांव में 23 वर्षीय रूपा सिंह पत्नी गोपाल सिंह का शव उसके घर के अंदर बेड में मिला। प्रारंभिक जांच में महिला के पूरे शरीर में चोट के निशान पाए गए। घर के आंगन और कमरे में खून के धब्बे मिले है। मृतका के दो छोटे बच्चे भी थे। जिन्होने पुलिस को अहम सुराग दिए है। बताया गया कि मंगलवार की रात्रि करीब दस बजे आरोपी पति ने पूरी घटना को अंजाम दिया। शाम करीब 9 बजे मृतका ने मायके में अपनी मॉ से भी फोन पर बात की थी, जिसमें उसने मारपीट की बात बताई थी।
इस बात पर कर दी हत्या
ग्रामीणों ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि आरोपी पति गोपाल सिंह मंगलवार की शाम घर पहुंचा। धान घर के अंदर नहीं रखने पर उसने पत्नी के साथ मारपीट की। वहीं मृतका के 6 वर्षीय मासूम बालक और 4 वर्ष की बेटी के बयान भी पुलिस ने दर्ज किए है। बच्चों ने पुलिस को बताया कि रात में आरोपी ने उसकी मॉ के साथ मारपीट की जिसके बाद बेड में लिटाया और चादर डालकर घर से भाग गया।
तीसरी शादी वह भी लव मैरिज की थी
आरोपी गोपाल सिंह के खिलाफ गढ़ थाना में कई आपराधिक मामले पंजीबद्ध थे। बताया गया कि दो शादी पूर्व में हुई लेकिन उसकी प्रताडऩा के चलते दोनों पत्नियों ने उसे छोड़ दिया। 7 साल पहले वह  हिनौती निवासी वीरेंद्र सिंह की बेटी रूपा से प्रेम विवाह किया। जिसके बाद उसके साथ भी वह मारपीट करता रहा। बताया गया कि आरोपी आदतन अपराधी था। जिला बदर का आदेश भी हाल ही में दिया गया था।  इसके बावजूद वह गांव में ही मौजूद रहा और घटना को अंजाम देकर फरार हो गया। बरहाहल पुलिस अब सरगर्मी से आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।