बोलेरो चालक की स्पीड देखकर लोगों की निकल गई चीख, कईयों को ठोका

शुक्रवार को एक बोलेरो चालक की स्पीड देखकर लोगों की चीख निकल गई। तेज रफ्तार से गाड़ी चलाते हुए चालक ने कई गाड़ी वालेंा को ठोकर मारी। पुलिस की गाड़ी को भी नहीं छोड़ा। इसके बाद मौके पर ही वाहन छोड़कर भाग खड़ा हुआ। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने वाहन को जब्त कर लिया है। वाहन चालक का पता लगाने में पुलिस जुटी है।

बोलेरो चालक की स्पीड देखकर लोगों की निकल गई चीख, कईयों को ठोका

रीवा। शहर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत न्यायालय मार्ग में गेट क्रमांक दो के पास शुक्रवार की दोपहर करीब तीन बजे एक तेज रफ्तार बोलेरो ने कोहराम मचा दिया। व्यस्ततम मार्ग में बोलेरो चालक काफी तेजी से वाहन चला रहा था, इसके चलते उसने एक स्कूटी सवार सामने सेे जोरदार टक्कर मार दी। घटना के बाद आरोपी चालक ने रफ्तार और बढ़ा दी जिससे एक अन्य बाइक सवार व कुछ महिलाएं भी वाहन की ठोकर से घायल हो गईं। इस दौरान मौके पर अफरा तफरी का माहौल निर्मित हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक तेज रफ्तार बोलेरो क्रमांक एमपी 17 सीसी 9623 के चालक ने भीड़भाड़ वाले मार्ग में तेज रफ्तार से वाहन चलाते हुए कई वाहन सवार व सड़क किनारे जा रही महिलाओं को टक्कर मारी। इसके बाद कलेक्ट्रेट के पीछे  पुलिस अधिकारी के वाहन से भी उसकी टक्कर  हो गई। घटना के बाद बोलेरो सवार चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। वहीं घटना से आक्रोशित लोगों ने बोलेरो में तोडफ़ोड़ की। सूचना के बाद मौके पर पहुंची सिविल लाइन पुलिस ने बोलेरो को अपने कब्जे में ले लिया है, वहीं फरार चालक की तलाश की जा रही है।
थाना में दर्ज हुई शिकायत
सिविल लाइन थाना प्रभारी संतोष पान्द्रे ने बताया कि कोर्ट मार्ग में बोलेरो चालक ने तेज रफ्तार से वाहन चलाते हुए स्कूटी सवार को टक्कर मारी। घटना के बाद घायल ऋषभ जैन की शिकायत पर मामला दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। बोलेरो को जब्त कर फरार चालक की तलाश की जा रही है।