शिवराज सिंह चौहान को फिर मिली बड़ी जिम्मेदारी अब यह काम भी सम्हालेंगे

मप्र के पूर्व मुख्यमंत्री को लगातार बड़ी बड़ी जिम्मेदारियां दी जा रही हैं। भाजपा के शीर्ष नेतृत्व उन पर भरोसा जता रहा है। पहले उन्हें केन्द्र में मंत्री बनाया गया। अब उन्हें झारखंभ चुनाव का प्रभारी बना दिया गया है। इसके अलावा अन्य को भी जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

शिवराज सिंह चौहान को फिर मिली बड़ी जिम्मेदारी अब यह काम भी सम्हालेंगे
file photo

भोपाल। मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं केन्द्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान को भाजपा के शीर्ष नेतृत्व ने उन्हें एक और बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। चौहान को इस वर्ष के अंत में प्रस्तावित विधानसभा चुनाव के लिए झारखंड का चुनाव प्रभारी बनाया गया है। उनके साथ असम के सीएम हिमंता विश्व सरमा को सह प्रभारी बनाया गया है। पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने इस संबध में पत्र जारी कर दिया है। केन्द्रीय मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान को पूर्व सांसद विप्लव कुमार देव के साथ हरियाणा की जिम्मेदारी सौपी गई है। धर्मेन्द्र चुनाव प्रभारी एवं देव सह प्रभारी बनाए गए है। जम्मू एवं कश्मीर के विधानसभा चुनाव के लिए केन्द्रीय मंत्री जी. किशन रेड्डी को प्रभारी बनाया गया है।
भूपेन्द्र-अश्विनी को फिर जिम्मेदारी
मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत के शिल्पकार रहे केन्द्रीय मंत्री भूपेन्द्र यादव और अश्विनी वैष्णव की जोड़ी पर भाजपा नेतृत्व ने फिर से भरोसा जताया है, उन्हें महाराष्ट्र का प्रभारी व सह प्रभारी बनाया गया है।
शिवराज ने दिया बुदनी से इस्तीफा
केन्द्रीय मंत्री शिïवराज सिंह चौहान ने सोमवार को बुदनी विधानसभा सीट से इस्तीफा दे दिया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि वे आज बहुत भावुक हूं। सीहोर जिले की बुदनी विधानसभा क्षेत्र से विधायक रहे चार बार के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि मैंने मध्यप्रदेश विधानसभा की सदस्यता से त्यागपत्र दिया है। मैं बुधनी से विधायक था और बुधनी विधानसभा क्षेत्र की जनता मेरे रोम रोम में रमती है, मेरी हर सांस में बसती है। मैंने बुधनी से ही अपने सार्वजनिक जीवन का प्रारंभ किया था। बचपन से ही आंदोलन किए और फिर जनता का प्यार लगातार मिलता चला गया। उन्होंने कहा कि इसी बुधनी विधानसभा क्षेत्र से मैं छह बार विधायक रहा, सांसद के चुनाव में भी छह बार इस जनता ने भारी बहुमत से मुझे जिताया। पिछला विधानसभा का चुनाव मैंने  रिकॉर्ड 1 लाख 5 हजार वोटों से जीता था और अभी लोकसभा में इसी जनता ने मुझे 1 लाख 46 हजार वोटों से जिताया। बुधनी की जनता की सेवा मैंने पूरे मन से की है, क्योंकि जनता की सेवा ही मेरे लिए भगवान की पूजा है और इस जनता ने भी मुझे भरपूर प्यार दिया है, आशीर्वाद दिया है। केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि  जनता के इस प्यार पर मेरा पूरा जीवन न्यौछावर है और अपनी संपूर्ण क्षमता के साथ मैं जनता की सेवा में लगा रहूंगा।अपने प्राणों से प्रिय जनता को बारंबार प्रणाम!