रीवा में कांग्रेस को फिर झटका, नेताओं ने सीएम के हाथों पहना पट्टा और बन गए भाजपाई

कांग्रेस में भागने का सिलसिला जारी है। मंगलवार को नामांकन सभा में सीएम के हाथों कांग्रेस के कई दिग्गजों ने भाजपा का पट्टा पहन लिया और भगवाधारी हो गए।

रीवा में कांग्रेस को फिर झटका, नेताओं ने सीएम के हाथों पहना पट्टा और बन गए भाजपाई

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मुजीब खान, सुबोध पाण्डेय भी भगवाधारी हुए
रीवा। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मुजीब खान व सुबोध पांडेय भगवाधारी हो गए। दोनों नेताओं ने मंगलवार को कोठी कम्पाउण्ड में आयोजित चुनावी सभा में मुख्यमंत्री के हाथों भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली। इस दौरान पूर्व जिला पंचायत सदस्य बृजेश सिंह, चंचल द्विवेदी, कृष्णा तिवारी, मृगेन्द्र नाथ त्रिपाठी, भोला प्रसाद द्विवेदी, प्रियंका तिवारी, एड. कमलेश्वर तिवारी ने मंच पर भाजपा की सदस्यता ली। इस अवसर पर मुख्यमंत्री एवं उप मुख्यमंत्री द्वारा सभी को पार्टी का अंग वस्त्र पहनाकर स्वागत किया गया और पार्टी में प्रवेश दिलाते हुए सभी से देश व प्रदेश के विकास में योगदान देने की अपील की।
लंबे समय से डरा रहे थे, अब छोड़ ही दिए
डॉ मुजीब खान इसके पूर्व बसपा में थे। उन्होंने बसपा की टिकट पर रीवा विधानसभा से चुनाव लड़ा था। फिर वह कांग्रेस में आए। कांग्रेस ने भी इन्हें रीवा विधानसभा से अजमाया। यह अलग बात है कि इन्हें जीत नहीं मिली। पिछले कुछ समय से कांग्रेस पर उपेक्षा का आरोप लगाने वाले डॉ मुजीब खान मंगलवार को कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हो गए। वह लंबे समय से कांग्रेस पर नजर अंदाज किए जाने का आरोप लगा रहे थे। विधानसभा चुनाव के समय भी विद्रोह की राह पर थे। टिकट नहीं मिलने पर निर्दलीय चुनाव मैदान में उतरने की तैयारी में थे। हालांकि उस दौरान ऐसा कोई फैसला नहीं लिया और पैर पीछे खींच लिए थे। लेकिन अब उन्होंने कांग्रेस से बगावत कर दी है। वहीं सुबोध पांडेय कांग्रेस के संभागीय प्रवक्कता भी रहे हैं। उन्हें विमलेंद्र तिवारी का करीबी माना जाता था, लेकिन वह कांग्रेस का दामन छोड़ अब भाजपा में शामिल हो गए।