पुलिस पहरे में खुला स्ट्रांग रूम और बोर्ड परीक्षा की कापियां थानों तक पहुंचाई गईं

हाई और हायर सेकेण्डरी बोर्ड परीक्षा शुरू होने वाली है। गुरुवार को समन्यवक संस्था से प्रश्न पत्र और उत्तर पुस्तिकाएं परीक्षा केन्द्रों के समीप थानों के लिए रवाना कर दी गईं। पुलिस की सुरक्षा में उत्तर पुस्तिकाएं भेजी गईं। देर शाम तक वितरण का काम जारी रहा।

पुलिस पहरे में खुला स्ट्रांग रूम और बोर्ड परीक्षा की कापियां थानों तक पहुंचाई गईं

समन्वयक संस्था से 8 बसों से भेजी गईं 75 केन्द्रों के लिए परीक्षा सामग्री
25 शहरी केन्द्रों में शुक्रवार को किया जाएगा वितरण
रीवा। ज्ञात हो कि 5 फरवरी से बोर्ड परीक्षाएं शुरू हो रही है। इस मर्तबा जल्द परीक्षाएं आयोजित की जा रही है। इसकी तैयारियां पहले ही कर ली गई थी। रीवा में बोर्ड परीक्षा के लिए 99 केन्द्र बनाए गए हैं। परीक्षा केन्द्र के केन्द्राध्यक्ष की ड्यूटी लगाई जा चुकी है। गुरुवार से समन्वयक संस्था मार्तण्ड स्कूल क्रमांक 1 से प्रश्न पत्र और उत्तर पुस्तिकाओं का वितरण किया गया। सुबह 11.30 बजे ग्रामीण क्षेत्रों के 75 केन्द्रों के केन्द्राध्यक्ष, सहायक केन्द्राध्यक्ष, कलेक्टर प्रतिनिधि, पुलिस बल और सहायक पहुंचे थे। इन्हें उत्तर पुस्तिकाओं और प्रश्न पत्र का वितरण किया गया। समन्वयक संस्था से वितरण का काम शाम 7 बजे तक जारी रहा। वितरण के बाद सभी टीम को बसों से उनके परीक्षा केन्द्र के करीबी पुलिस थाना तक पहुंचाया गया।


पुलिस के पहरे में खोला गया स्ट्रांग रूम
समन्यक संस्था मार्तण्ड स्कूल क्रमांक एक का स्ट्रांग रूम कड़ी सुरक्षा के बीच खोला गया। इस दौरान पुलिस बल तैनात रहा। जिला शिक्षा अधिकारी, समन्वयक संस्था प्राचार्य, कलेक्टर प्रतिनिधि और संभागीय माशिमं अधिकारी की मौजूदगी में स्ट्रांग रूम खोला गया। इसके बाद ही वितरण कार्य किया गया। कलेक्टर प्रतिनिधि की देखरेख में ही उत्तर पुस्तिकाओं का वितरण किया गया।
-----------


8 रूट बनाए गए थे
गुरुवार को 99 परीक्षा केन्द्रों में से ग्रामीण क्षेत्रों के 75 केन्द्रों को उत्तर पुस्तिकाओं और प्रश्न पत्र का वितरण किया गया। प्रश्नपत्र वितरण के बाद 8 बसों से इन्हें गंतव्य तक भेजा गया। प्रश्न पत्र पहुंचाने के लिए 8 रूट बनाए गए थे। 8 बसों से सभी को भेजा गया। एक बस में दो पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया था। इसके अलावा केन्द्राध्यक्ष, कलेक्टर प्रतिनिधि, सहायक केन्द्राध्यक्ष और सहायक मौजूद रहे। देर रात तक सभी परीक्षा सामग्रियों को परीक्षा केन्द्र के करीब मौजूद थानेंा में जमा कराया गया। शुक्रवार को शहरी क्षेत्रों में बनाए गए परीक्षा केन्द्रों को परीक्षा सामग्री का वितरण किया जाएगा।