रीवा में अपराध की ऐसी उलझी पहेलियां जिन्हें पुलिस सुलझा नहीं पाई, अब भी रहस्य बनी हैं जघन्य वारदातें

रीवा पुलिस ने हाल ही में बड़े कारनामें किए। तीहरे हत्याकांड का खुलासा किया। महाराष्ट्र से मानव तस्करों की गैंग को पकड़ लगाए। इसके अलावा 1 करोड़ का गांजा भी भी पकड़ा। लगातार खुलासे पुलिस कर रही है लेकिन जो अनसुलझे अपराध पीछे छूट गए। उन्हें पुलिस भूल ही गई। उनका खुलासा अब तक नहीं हो पाया है। शवों और हत्या के राज, राज ही रह गए। हाल ही में हुई जवा में मासूम की गलाघोंट का हत्या पुलिस के फेल्युअर का सबसे बड़ा उदाहरण भी है।

रीवा में अपराध की ऐसी उलझी पहेलियां जिन्हें पुलिस सुलझा नहीं पाई, अब भी रहस्य बनी हैं जघन्य वारदातें
File photo

कई हत्याएं हुईं, शव मिले लेकिन खुलासा नहीं हो पाया
रीवा। जिले में कई अंधी हत्याओं का अब तक खुलासा नहीं हो सका है। बीते जनवरी माह से अब तक हुए घटनाक्रम में नजर दौड़ाएं तो आधा दर्जन से अधिक हत्या के मामले पुलिस नहीं सुलझा सकी है। कई घटनाओं के बाद अब तक शवों की शिनाख्त तक नहीं हो सकी है। बेखौफ अपराधी पुलिस की नाक में दम करके रखे हुए हैं, आए दिन लूट, हत्या व चोरी की घटनाएं सामने आ रही हैं। जनवरी माह में जनेह थाना क्षेत्र के घटेहा के जंगल में महिला की लाश मिली थी, दूसरे दिन टमस नदी में मासूम बालिका का शव मिला था। डीएनए रिपोर्ट के बाद स्पष्ट हुआ था कि दोनों मॉ बेटी थी, लेकिन अब तक उनकी शिनाख्त पुलिस नहीं कर सकी है। जिससे आरोपियों तक अब तक नहीं पहुंचा जा सका है। इसके साथ ही चोरहटा थाना क्षेत्र के धौचट के पास स्थित नहर में महिला की लाश की शिनाख्तगी भी नहीं हो सकी थी। इसी तरह सिविल लाइन थाना क्षेत्र के बीहर नदी में हाथ-पैर बंधी युवक की लाश की पहचान भी पुलिस नहीं कर सकी। कई शवों की शिनाख्तगी नहीं होने से जहां हत्यारे खुली हवा में घूम रहे हैं, तो वहीं चोरहटा थाना क्षेत्र के गोड़हर मोड़ में आरओबी के पास खुले मैदान में युवक का बेरहमी से हत्या करने वाले आरोपी भी अब तक चोरहटा पुलिस के हाथ नहीं लगे हंै।
संदेहिया से पूछताछ तक सिमटी कार्रवाई
शहर के चोरहटा थाना क्षेत्र के गोड़हर मोड़ के समीप आरओबी के पास हीरालाल कोल पिता जानकी कोल 45 वर्ष निवासी खैरा पुरानी बस्ती थाना चोरहटा का शव मिला था। आरोपियों ने गला रेतने के साथ ही उसके प्राइवेट पार्ट को भी काटा था। चोरहटा पुलिस मामले में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला पंजीबद्ध कर तलाश शुरू की। कई संदेहियों को भी उठाया, लेकिन अब तक घटना के मुख्य आरोपियों तक पुलिस नहीं पहुंच सकी है। जिससे अब भी हीरालाल हत्याकांड की गुत्थी नहीं सुलझ सकी है।
लूट और गोलीकांड की घटनाएं भी बढ़ीं
शहर में गोलीकांड के साथ लूट की घटनाएं भी बढ़ी हैं। बाइकर्स गैंग आए दिन लूट की घटनाओं को अंजाम दे रहा है। विश्वविद्यालय, बैकुंठपुर, रायपुर कर्चुलियान, मनगवां सहित थाना क्षेत्रों में हुई लूट की घटनाओं का पुलिस खुलासा नहीं कर सकी है। इसके साथ ही आए दिन गोलीकांड की घटनाएं भी सामने आ रही हैं। जिससे शहर सहित अंचल में आम लोग अपने आप को असुरक्षित महसूस कर रहे हंै। रात के समय पुलिस गश्त भी नहीं नजर आती है। बताया जाता है कि लोकसभा चुनाव के चलते जिले का पुलिस बल बाहर है, इसके  चलते समस्या और बढ़ गई है।