सुपर स्पेशलिटी को मिला सुपर एचीवमेंट, अब मेडिकल हब के सारे सपने होंगे पूरे, 184 करोड़ मिले, नौकरी भी मिलेगी

रीवा का सुपर स्पेशलिटी अस्पताल को सुपर एचीवमेंट मिली है। कैबिनेट में दो प्रस्ताव रखे गए थे। दोनों ही पास हो गए। रीवा सुपर स्पेशलिटी को 184 करोड़ का बजट मिला और नए पदों के श्रृजन की स्वीकृति भी मिल गई है। यहां मरीजों के लिए 400 बेड का विस्तार होगा। नया भवन बनेगा। नई मशीनरी लगाई जाएंगी। साथ ही नौकरियों की भी सौगात मिलेगी। नए पदों पर नियुक्तियों की भी स्वीकृति मिल गई है।

सुपर स्पेशलिटी को मिला सुपर एचीवमेंट, अब मेडिकल हब के सारे सपने होंगे पूरे, 184 करोड़ मिले, नौकरी भी मिलेगी
file photo

कैबिनेट की बैठक में दो प्रस्तावों को मिली मंजूरी
जल्द ही नए पद भी सृजित किए जाएंगे, भर्तियां भी होंगी
REWA.सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में वर्तमान में मरीजों के भर्ती करने की क्षमता कम है। वर्तमान समय में करीब 240 बेड हैं। मरीजों की संख्या सुपर स्पेशलिटी में तेजी से बढ़ रही है। मरीजों को भर्ती करने के लिए अस्पताल में जगह नहीं मिल रही है। इसके विस्तार के लिए उपमुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल लंबे समय से लगे हुए हैं। सुपर स्पेशलिटी अस्पताल को 400 बिस्तर का अस्पताल बनाने सहित अन्य सुविधाओं के विस्तार के लिए उपमुख्यमंत्री के प्रयास पर बुधवार को सफलता मिल गई है। सुपर स्पेशलिटी अस्पताल से जुड़े दो मुद्दे कैबिनेट की बैठक में रखे गए थे। दोनों ही प्रस्तावों को मंंजूरी मिल गई है। पूर्व में सुपर स्पेशलिटी अस्पताल को 139.18 करोड़ रुपए की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई थी। इसे बढ़ाकर 164.49 करोड़ की पुनरीक्षित सवीकृति प्रदान की गई है।
164 करोड़ से होंगे सुपर स्पेशलिटी में यह सारे काम
प्रदेश के कैबिनेट की बैठक मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव की अध्यक्षता में संपन्न हुई। कैबिनेट की बैठक में विन्ध्य क्षेत्र में आधुनिक उपचार सुविधाओं के केन्द्र सुपर स्पेशलिटी हास्पिटल के लिए 164 करोड़ 49 लाख रुपए के प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। इस राशि का उपयोग हास्पिटल में बेडों की संख्या 400 तक बढ़ाने के लिए नवीन भवन निर्माण में किया जाएगा। इसके लिए 25 करोड़ 31 लाख रुपए मंजूर किए गए हैं। सुपर स्पेशलिटी हास्पिटल में आधुनिकतम नवीन आईसीयू बेड, कैथलैब तथा प्रायवेट वार्ड निर्माण की राशि भी इस मंजूरी में शामिल है। हास्पिटल में चिकित्सा उपकरणों तथा फर्नीचर की खरीद के लिए भी राशि मंजूर की गई है। सुपर स्पेशलिटी हास्पिटल के लिए पूर्व में 139 करोड़ 18 लाख रुपए की राशि मंजूर की गई थी। अब यह राशि बढ़कर 164 करोड़ 49 लाख रुपए हो गई है।
34 पद होंगे स्वीकृति, जल्द ही भरे जाएंगे
सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में जल्द ही कर्मचारियों की समस्याएं भी निराकृत होंगी। कैबिनेट की बैठक में 34 नवीन पदों के सृजन को भी मंजूरी मिल गई है। सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में सह चिकित्सकीय टेक्नीशियन एवं अन्य पदों की कमी होने से चिकित्सालय के संचालन में कठिनाईयों का सामना करना पड़ रहा था। इसके कारण नवीन आवश्यक पदों के सृजन के लिए अनुशंसा की गई थी। 34 नए पदों का प्रस्ताव कैबिनेट में रखा गया। इसे मंजूरी मिल गई है। जल्द ही इन पदों पर भर्तियां की जाएंगी। इन पदों पर नियुक्ति से शासन पर 1.69 करोड़ का अतिरिक्त भार पड़ेगा।
विंध्य क्षेत्र के लोगों को मिलेगा फायदा
सुपर स्पेशलिटी चिकित्सालय को 164 करोड़ 49  लाख रुपए की स्वीकृति अस्पताल विस्तार के लिए किए जाने पर भाजपा नेता योगेंद्र शुक्ला ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा है कि प्रदेश के उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला के प्रयासों का फायदा पूरे विंध्य क्षेत्र को मिलेगा। स्वास्थ्य सुविधाओं में विस्तार होगा। रीवा चिकित्सा क्षेत्र का हब बनेगा। वहीं सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल पूरे क्षेत्र के लोगों के लिए वरदान साबित होगी।  प्रदेश मंत्रिमंडल ने रीवा सुपर स्पेशलिटी चिकित्सालय के विस्तार के लिए स्वीकृत की गई है। राशि से रीवा सुपर स्पेशलिटी चिकित्सालय में सुविधाओं का विस्तार तो होगा ही साथ ही आधुनिक मशीनों की उपलब्धता होगी। जिससे हर प्रकार की चिकित्सीय जांच और गंभीर ऑपरेशन  सहित  चिकित्सा क्षेत्र में विंध्य के लोगों को बाहर जाने की जरूरत समाप्त हो जाएगी। श्री शुक्ल ने कहा कि रीवा नगर की अधोसंरचना में हुए अकल्पनीय विकास के कारण आज रीवा हर दिशा में तेजी के साथ विकास के पायदान में आगे बढ़ रहा है। यह उपलब्धि प्रदेश के उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल के विकसित रीवा के संकल्प की पूर्ति करता है।