हत्या का आरोपी हो गया था फरार, पुलिस नागपुर से पकड़ लाई

रास्ता विवाद को लेकर हुई मारपीट में एक महिला की मौत हो गई थी। इस मामले में फरार आरोपी को मनगवां पुलिस महाराष्ट्र के नागपुर से पकड़ लाई है। पूछताछ के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।

हत्या का आरोपी हो गया था फरार, पुलिस नागपुर से पकड़ लाई
file photo

रीवा। पुलिस ने बताया कि 11 अक्टूबर की रात साढ़े 8 बजे मनिकवार गांव में रास्ता के विवाद को लेकर मुड्हा परिवार के ऊपर जानलेवा हमला हुआ था। चाकू से हुये हमले में कई लोगों को गंभीर चोट आई थी। जिन्हें उपचार के लिये संजय गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इस दौरान साहसकली मुड़हा नाम की महिला की उपचार के दौरान मौत हो गई। लिहाजा पुलिस ने आरोपी जय प्रकाश दुबे उर्फ नेता, ओम प्रकाश दुबे, किशन दुबे, विजय दुबे, राजकिशोर दुबे, संजीव दुबे पर हत्या के प्रयास एवं हत्या का मामला दर्ज किया था। मामले में दो आरोपियों को पूर्व में पकड़ा गया था। जबकि संजीव दुबे पुत्र समयलाल दुबे 48 वर्ष निवासी मनिकवार नंबर 2 फरार चल रहा था। मुखबिर की सूचना मिलने के बाद आरोपी संजीव दुबे को महाराष्ट्र के नागपुर से गिरफ़्तार कर लिया गया है। जिसे पूछताछ के बाद सोमवार को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।
टमस नदी में हो रहा था उत्खनन और पुलिस ने मार दी रेड, तीन पकड़ाए
सोहागी थाना क्षेत्र से गुजरी टमस नदी में रेत के अवैध उत्खनन का पर्दाफास किया।  मौके से एक ट्रैक्टर समेत भारी मात्रा में रेत को जब्त किया है। इसके साथ ही तीन रेत माफियाओं को गिरफ्तार कर एफआईआर दर्ज किया है। पुलिस की इस कार्रवाई से रेत माफियाओं में हड़कंप मचा हुआ है। ज्ञात हो कि चाकघाट व सोहागी थाना क्षेत्र में टमस नदी से बड़ी मात्रा में रेत का अवैध उत्खनन किया जाता है। खनिज व पुलिस विभाग कार्रवाई भी करती है, लेकिन इसके बाद भी माफिया अवैध उत्खनन में लगे रहते हैं। यही वजह है कि सोमवार को फिर से सोहागी पुलिस ने टमस नदी के तट पर रेड किया। इस दौरान मौके से एक ट्रैक्टर ट्रॉली समेत भारी मात्रा में एकत्रित रेत को जब्त किया है। वहीं अवैध रूप से उत्खनन करने वाले मदन गोपाल कोल पुत्र छोटेलाल कोल 33 वर्ष निवासी त्योंथर, हसीनदुद्दीन अंसारी पुत्र सफी मोहम्मद 30 वर्ष निवासी त्योंथर एवं नयमुद्दीन पुत्र सफी मोहम्मद 25 वर्ष निवासी त्योंथर को गिरफ्तार किया है। इनके खिलाफ धारा 379, 414 एवं 4/21 खजिन अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।