संजय गांधी अस्पताल के आउटसोर्स कर्मचारियों के फिर गए दिन, अधीक्षक ने ऐसा किया काम कि हो गए मालामाल

एसजीएमएच, सुपर स्पेशलिटी अस्पताल के आउटसोर्स कर्मचारियों के दिन फिर गए हैं। अस्पताल अधीक्षक ने ऐसा काम किया कि अब वह मालामाल हो गए। ऐसा पहली बार हुआ है कि आउटसोर्स कर्मचारियों को उनके काम के बदले आयुष्मान प्रोत्साहन राशि मिली है। प्रोत्साहन राशि पाकर आउटसोर्स कर्मचारियों के चेहरे खिल उठे हैं। अब तक यह सिर्फ रेग्युलर कर्मचारियों और अधिकारियेंा के बीच ही बंट रहा था।

संजय गांधी अस्पताल के आउटसोर्स कर्मचारियों के फिर गए दिन, अधीक्षक ने ऐसा किया काम कि हो गए मालामाल

आयुष्मान प्रोत्साहन राशि के बने हकदार, खाते में आने लगी राशि
रीवा। ज्ञात हो कि संजय गांधी अस्पताल से लेकर सुपर स्पेशलिटी अस्पताल तक की सारी सेवाओं का बोझ आउटसोर्स कर्मचारियों के सिर पर ही है। आयुष्मान योजना के तहत मिलने वाले प्रोत्साहन राशि से हालांकि इन्हें दूर रखा गया था। कई सालों से करोड़ों रुपए का फंड केन्द्र सरकार से मेडिकल कॉलेज को मिल रहा था। इसमें कर्मचारियों का भी हक था लेकिन यह सिर्फ रेग्युलर कर्मचारियों को ही मिल रहा था। काम करने वाले आउटसोर्स कर्मचारियों को एक फूटी कौड़ी तक नहीं मिलती थी। इस मर्तबा अस्पताल अधीक्षक ने आउटसोर्स कर्मचारियों को भी इसका फायदा पहुंचाने की सोची। उन्होंने आयुष्मान प्रोत्साहन राशि में इन आउटसोर्स कर्मचारियों का भी नाम जोडऩे का प्रस्ताव भेज दिया। सभी वार्ड ब्वाय, सफाई कर्मचारियों को इसका फायदा मिला। इनके खाते में आयुष्मान प्रोत्साहन राशि का हिस्सा पहुंच गया। खाते में आयुष्मान की राशि पहुंचते ही कर्मचारियों के चेहरे पर खुशी की लहर दौड़ पड़ी।
इन्हें दौड़ से ही कर दिया गया था बाहर
संजय गांधी अस्पताल और सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में साफ सफाई से लेकर वार्ड ब्वाय तक का काम आउटसोर्स कर्मचारियों के भरोसे ही चल रहा है। यह अस्पताल की रीड़ हैं। टेक्नीशियन से लेकर लैब असिस्टेंट तक की भूमिका का निर्वहन कर रहे हैं। ऐसे में हर कदम पर यह अस्पताल प्रबंधन का साथ देते हैं। हालांकि इन्हें सालों से आयुष्मान प्रोत्साहन राशि से वंचित रखा जा रहा था। अब जाकर इसका हकदार यह बने हैं। आउटसोर्स कर्मचारियों को फायदा मिलना शुरू हो गया है। एसजीएमएच और सुपर स्पेशलिटी में करीब 700 से 800 आउटसोर्स कर्मचारी काम कर रहे हैं।


अधीक्षक और डीन से मिले आउटसोर्स कर्मचारी
अधिकारियों के प्रयास से ही आउटसोर्स कर्मचारियों को यह सफलता मिली है। कर्मचारी लंबे समय से आयुष्मान योजना के प्रोत्साहन राशि की मांग कर रहे थे। इस मांग को अधिकारियों ने गंभीरता से लिया और अमल भी किया। कर्मचारियों ने अधिकारियों के इस प्रयास की सराहना की। डीन डॉ मनोज इंदूलकर और अधीक्षक डॉ राहुल मिश्रा से मुलाकात कर उनका आभार जताया। इस दौरान प्रमुख रूप से कर्मचारी संगठन के कार्यकर्ता विपिन पांडेय आउट सोर्स अस्थाई कर्मचारी, जिला अध्यक्ष रीवा, लोक निर्माण विभाग के रविकांत पाण्डेय, विद्युत विभाग से विध्य आऊट सोर्स संगठन के संतीश चौबे, स्वास्थ्य विभाग से दिनेश हतगेन, शिवेंद्र पांडेय, सतेंद्र, सौरभ, विष्णु, सरोज, जयप्रकाश, इमरान, सुनील बंसल, एवं समस्त अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।