वसूली में पिट गया विद्युत विभाग, शहर संभाग को अंतिम दिन वसूलने थे 1 करोड़ आई सिर्फ इतनी राशि

विद्युत विभाग ने बकायादारों के खिलाफ ताबड़तोड़ कार्रवाई की। इसके बाद भी तय लक्ष्य पाने में फेल हो गए। सिर्फ 50 लाख की रिकवरी से चूक गए। महीने के अंतिम दिन भी टीम ने खूब जोर लगाया लेकिन लक्ष्य पूरा नहीं कर पाए। कुल 11 करोड़ का ही कलेक्शन हुआ।

वसूली में पिट गया विद्युत विभाग, शहर संभाग को अंतिम दिन वसूलने थे 1 करोड़ आई सिर्फ इतनी राशि
file photo

फरवरी में शहर संभाग को 11.50 करोड़ का मिला था लक्ष्य
REWA. ज्ञात हो कि शहर संभाग को एरियर के साथ वसूली का लक्ष्य फरवरी में 17 करोड़ का दिया गया था। वहीं डिमांड के हिसाब से लक्ष्य विद्युत विभाग के शहर संभाग को 11.50 करोड़ का मिला था। फरवरी में दिन कम और टारगेट ज्यादा था। यही वजह है कि शहर संभाग ने शुरू से ही वसूली के लिए अभियान शुरू कर दिया। बड़े बकायादारों को टारगेट में रखकर कार्रवाई शुरू की गई। बकायादारों का कनेक्शन काटने के लिए 20 टीमें बनाई गई। सभी टीमों को बकायादारों की लिस्ट के साथ मैदान में उतार दिया गया था। विद्युत विभाग की टीम ने ताबड़तोड़ कार्रवाई की। वसूली अभियान के दौरान कर्मचारियों को मारपीट का सामना भी करना पड़ा। इसके बाद भी शहर संभाग 28 दिनों में सिर्फ 11 करोड़ रुपए तक की रिकवरी कर पाया। अंतिम दिन डिमांड के हिसाब सेे 11.50 करोड़ का राजस्व प्राप्त करने के लिए 1 करोड़ की जरूरत थी। अंतिम दिन विद्युत विभाग के शहर संभाग ने खूब जोर लगाया। बड़े बकायादारों को टारगेट में लिया गया। इसके बाद भी टारगेट पूरा नहीं हो पाया। 50 लाख से विद्युत विभाग शहर संभाग चूक गया।
अंतिम दिन 170 कनेक्शन काटे गए
गुरुवार फरवरी के अंतिम दिन भी शहर संभाग ने ताबड़तोड़ कार्रवाई की। करीब 170 बकायादारों के कनेक्शन काटे गए। इन पर विभाग का 17 करोड़ रुपए बकाया था। विद्युत विभाग की टीम ने अशोक नगर, रानी तालाब, चिकान टोला, उपरहटी, तरहटी, फोर्ट रोड, व्यंकट रोड, बांस घाट, पद्मधर कालोनी, बोदाबाग, इटौरा, जनता कालेज रोड, रतहरा, गंगोत्री कालोनी, महाजन टोला में कार्रवाई की। इसके अलावा विद्युत विभाग की कई टीमें बड़े बकायादारों से बिल की वसूली में लगी हुई थी। इसके बाद भी पर्याप्त राशि जमा नहीं हो पाई।