सुपर स्पेशलिटी अस्पताल के डॉक्टरों के खिले चेहरे, कुछ दिन पहले तक देने वाले थे इस्तीफा, अब हो जाएंगे मालामाल

सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में डॉक्टरों के चेहरे खिल उठे हैं। कुछ दिन पहले यही डॉक्टर सामूहिक इस्तीफा देने की पेशकस कर दिए थे। डिप्टी सीएम के आश्वासन के बाद माने थे। अब उनकी मुराद भी पूरी हो गई है। शासन से आदेश जारी होते ही चेहरे पर मुस्कान बिखर गई है। पद उन्नयन मिल गया है। जल्द ही एक साल का एरियर भी मिलेगा, जो इन्हें मालामाल कर देगा।

सुपर स्पेशलिटी अस्पताल के डॉक्टरों के खिले चेहरे, कुछ दिन पहले तक देने वाले थे इस्तीफा, अब हो जाएंगे मालामाल
file photo super speciality hospital

सुपर स्पेशलिटी के पांच डॉक्टर पद उन्नयन के बाद सह प्राध्यापक बनाए गए
वेतन बढ़कर हो गया 2.50 लाख प्रति महीना
रीवा। ज्ञात हो कि सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में पदस्थ डॉक्टरों को अनुबंध के अनुसार वर्ष 2022 और 2023 में ही पदोन्नति दे देनी थी। लेकिन पदोन्नति आदेश जारी करने में शासन ने देरी कर दी। पदोन्नति का लाभ पाने के लिए लंबे समय से डॉक्टर लड़ाई लड़ रहे थे। फिर भी उनकी बातों को प्रबंधन और शासन अनसुना कर रहा था। इससे नाराज होकर सुपर स्पेशलिटी अस्पताल के पांच डॉक्टरों ने सामूहित इस्तीफा ही सौंप दिया था। इसके बाद ही प्रशासन, शासन के कान खड़े हुए। पदोन्नति की फाइल जो एक साल से रुकी हुई थी। वह एक हफ्ते में ही स्वीकृत हो गई। पद उन्नयन आदेश भी जारी कर दिया गया। पद उन्नयन आदेश जारी होने के बाद अब डॉक्टरों को बढ़ा हुआ वेतन मिलेगा। अब पांचों डॉक्टरों को महीने में 2.50 लाख रुपए वेतन दिया जाएगा।
इन डॉक्टरों को दिया गया पद उन्नयन का लाभ
सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में पदस्थ डॉक्टर रवि प्रकाश सहायक प्राध्यापक, एनेस्थीसिया विभाग, डॉ आशीष घनघोरिया सहायक प्राध्यापक यूरोलॉजी विभाग, डॉ पंकज सिंह चौहान, सहायक प्राध्यापक न्यूरो सर्जरी विभाग, डॉ रोहन द्विवेदी सहायक प्राध्यापक नेफ्रोलॉजी विभाग, बृजेश तिवारी, सहायक प्राध्यापक यूरोलॉजी विभाग को पद उन्नयन का लाभ दिया गया है। पद उन्नयन के बाद सहायक प्राध्यापक से सभी डॉक्टर सह प्राध्यापक बन गए हैं। इनका वेतन 2.50 लाख रुपए हो गया है।