कनेक्शन काटने गए थे बिजली कर्मचारी, उपभोक्ता ने कर दी पिटाई, थाना घेरा तब दर्ज हुई एफआईआर

बिजली कर्मचारियों के साथ फिर मारपीट की गई है। सुबह निराला नगर में एक उपभोक्ता का कनेक्शन काटने आउटसोर्स कर्मचारी पहुंचे थे। इसी बात पर नाराज उपभोक्ता ने कर्मचारी की जमकर पिटाई कर दी। मारपीट की शिकायत लेकर कर्मचारी थाना पहुंचे। शिकायत की लेकिन देर शात तक मामला दर्ज नहीं हुआ। इसके बाद विद्युत विभाग के अधिकारी, कर्मचारियों ने थाना का घेराव कर दिया। इसके बाद मामला दर्ज किया गया। दो लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

कनेक्शन काटने गए थे बिजली कर्मचारी, उपभोक्ता ने कर दी पिटाई, थाना घेरा तब दर्ज हुई एफआईआर

विवि थाना में दर्ज किया गया प्रकरण, निराला नगर की घटना
रीवा। जानकारी के अनुसार विद्युत विभाग बकायादारों के कनेक्शन काटने का अभियान चला रही है। इसी अभियान के तहत जेई के निर्देश पर विद्युत विभाग की टीम निराला नगर राजीव मार्ग स्थित शिव प्रसाद तिवारी के घर गई थी। उपभोक्ता शिव प्रसाद तिवारी से बिजली बिल जमा करने के लिए बोला गया। साथ ही यह भी कहा गया कि यदि बिल जमा नहीं करेंगे तो कनेक्शन काट दिया जाएगा। इस बात से नाराज होकर शिवप्रसाद तिवारी व सत्येन्द्र कुमार तिवारी विद्युत विभाग की टीम को गालियां देने लगे। इसका विरोध किया गया तो सत्येन्द्र कुमार तिवारी ने पास ही पड़े डंड़े से हमला कर दिया। कर्मचारियों के साथ मारपीट की। इस मारपीट की घटना में सुखेन्द्र प्रसाद तिवारी पिता ओमप्रकाश तिवारी उम्र 38 वर्ष निवासी बदराव तिवारियान पोस्ट मऊ सिरमौर ,हाल मुकाम हरिहर नगर वार्ड 9 को चोट आई। उनके साथ धीरेन्द्र तिवारी, रविकांत मिश्रा, अभय पटेल भी थे। मारपीट किए जाने पर सहकर्मियों ने पहुंच कर बीच बचाव किया। इसके बाद पीड़ित कर्मचारियों ने मारपीट की जानकारी अधिकारियों को दी। सभी सीधे विवि थाना पहुंच गए।

मारपीट करने वाले कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई। पहले तो पुलिस ने टालमटोल किया। इसके बाद विद्युत विभाग के आउटसोर्स कर्मचारी और पत्रोपाधि अभियंता संघ ने मोर्चा सम्हाल लिया। पुलिस को चेतावनी दी कि यदि मामला दर्ज नहीं किया गया तो विद्युत सप्लाई बंद कर देंगे। पूरे शहर में ब्लैक आउट कर देंगे। इसके बाद ही मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने शिव प्रसाद तिवारी और सत्येन्द्र तिवारी के खिलाफ विवि थाना में भादवि की धारा 294, 323, 34 के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है।