5 करोड़ से अभी डामरीकृत हुई थी सड़क फिर खोद डाले, जमकर मचा हंगामा

रीवा में अव्यवस्थित विकास चल रहा है। हाल ही में नेहरू नगर में खराब सड़क को बनाने के लिए डामरीकरण किया गया था। फिर उसे खोद डाला गया। सड़क पहले जैसी हो गई है। अब इस सड़क पर गड्ढे ही गड्ढे हो गए हैं। सीवर कंपनी के सड़क खोदे जाने पर जमकर हंगामा हुआ। विरोध के बाद कंपनी को वापस भागना पड़ा।

5 करोड़ से अभी डामरीकृत हुई थी सड़क फिर खोद डाले, जमकर मचा हंगामा

रीवा ।  शहर में खराब सड़कों को सुधारने के लिए कायाकल्प अभियान शुरू किया गया। सीवर लाइन डालने के बाद सड़क खराब हो गईं थी। शासन का बजट पानी की तरह बहाया गया। बेहिसाब खर्च किया गया। जो काम सीवर कंपनी को करना था। उस पर शासन ने कायाकल्प के नाम पर राशि का बंदरबांट किया। वार्ड क्रमांक 13 और 14 में खराब सड़कों को सुधारने के लिए करीब 5 करोड़ का टेंडर हुआ। कांक्रीट सड़क के ऊपर डामरीकरण किया गया। अभी हाल ही में नेहरू नगर में काम हुआ था। सड़क पर डामर के दोनों लेयर बिछा दिए गए थे। सड़क चलने लायक हुई ही थी कि फिर इसे खोदने सीवर कंपनी के कर्मचारी पहुंच गए। चेम्बर को ऊपर करने के नाम पर पूरी डामरीकृत सड़क को ही खोद डाला गया। इसकी जानकारी लगते ही नेहरू नगर के लोग और पार्षद नम्रता सिंह पहुंच गईं। मौके पर जमकर हंगामा हुआ। सीवर कंपनी को हंगामे के बाद काम रोकना पड़ा। विरोध देखते हुए कंपनी के कर्मचारी मशीनरी लेकर चंपत हो गए।


इस मार्ग को कर दिया खराब
एक महीने पहले ही नेहरू नगर में महिला पार्क से हनुमान पार्क तक सड़क का निर्माण कार्य हुआ था। डामरीकरण किया गया था। एक महीने भी पूरे नहीं हुए और इसकी दुर्गति करने सीवर लाइन के कर्मचारी पहुंच गए। सड़क निर्माण के समय ही कंपनी के कर्मचारियों, अधिकारियों को वार्ड पार्षद ने चेम्बर ऊपर करने के लिए कहा था। तब इनके कान में जू तक नहीं रेंगी। अब सड़क बनने के बाद तोडऩे पहुंच गए। पूरी सड़क खराब कर दी। फिर पहले जैसे हालात बन गए हैं।
सड़क निर्माण के लिए कई मर्तबा धरने पर बैठ चुकी हैं पार्षद
सीवर लाइन के कारण खराब हुई सड़क को सुधरवाने के लिए पार्षद वार्ड 13 नम्रता सिंह कई मर्तबा धरने पर बैठ चुकी है। 50 से अधिक मर्तबा आवेदन सौंप चुकी हैं। तब जाकर हाल ही में सड़क का निर्माण कार्य किया गया। अब इसे फिर से तोड़ा जा रहा है। इसी का विरोध शुरू हो गया है।