रीवा और मऊगंज के 18 प्राचार्यों पर कार्रवाई की लटकी तलवार, तीन दिन में नहीं हुआ टारगेट पूरा तो गिरेगी गाज

रीवा और मऊगंज के 18 स्कूल प्राचार्यों पर कार्रवाई की तैयारी है। सभी प्राचार्यों को दो वेतनवृद्धि रोकने का नोटिस जारी किया गया है। 3 दिन का अल्टीमेटम दिया गया है। तीन दिन में यदि छात्रों के नामांकन की स्थिति शत प्रतिशत नहीं हुइ तो गाज गिरनी तय है।

रीवा और मऊगंज के 18 प्राचार्यों पर कार्रवाई की लटकी तलवार, तीन दिन में नहीं हुआ टारगेट पूरा तो गिरेगी गाज
File photo

एजुकेशन पोर्टल 3.0 में नामांकन की स्थिति शून्य होने पर थमाया गया नोटिस
रीवा। 18 स्कूलों के प्राचार्यों को डीईओ 2 वेतनवृद्धि बंद करने का नोटिस जारी किया है। इन स्कूलों में छात्रों के नामांकन की स्थिति शून्य हैं। सभी प्राचार्यों को 3 दिन का अल्टीमेटम भी जारी किया गया है। इन तीन दिनों में सभी स्कूलों में नामांकन को शतप्रतिशत करने के निर्देश दिए गए हैं।
आपको बता दें कि सभी शासकीय विद्यालयों में स्कूल चले अभियान चल रहा है। 1 अप्रैल से ही नया शैक्षणिक सत्र शुरू हो गया है। 1 से 10 अप्रैल तक स्कूलों में छात्रों के प्रवेश कराने के निर्देश थे। नामांकन की जानकारी एजुकेशन पोर्टल 3.0 में दर्ज करानी थी। रीवा और मऊगंज जिला की 18 स्कूलें इस मामले में फेल रहीं। एजुकेशन पोर्टल में छात्रों के नामांकन की स्थिति काफी न्यून रही। कई स्कूलों में प्रवेश की स्थिति शून्य दर्ज है। यही वजह है कि इन सभी प्राचार्यों को 2 वेतनवृद्धि रोकने का नोटिस जारी किया गया है। 3 दिन के अंदर शतप्रतिशत प्रवेश का कार्य पूण करने के साथ्थ ही नोटिस का जवाब भी उपस्थित होकर प्रस्तुत करने के निर्देश जारी किए गए हैं। इस कार्रवाई में बीआरसीसी भी लपेटे में आए हैं। उन्हें भी नोटिस जारी हुआ है।
इन प्राचार्यों को जारी किया गया है नोटिस
जिला शिक्षा अधिकारी ने 18 प्राचार्यों को नोटिस जारी किया है। इसमें गंगेव विकासखंड से शासकीय हाई स्कूल धवैया, शासकीय उमावि जोड़ौरी, निकायाधीन जनता उमावि चंदेह, निकायाधीन उमावि क्योंटी प्राचार्य शामिल हैं। इसी तरह जवा में शासकीय हाई स्कूल इटमा, शासकीय हाई स्कूल जवा, रायपुर कर्चुलियान के समता शासकीय उमावि बक्छेरा, रीवा विकासखंड में शासकीय उमावि कन्या पाण्डेन टोला, शाउमावि संभागीय रेसिडेंट आदिम जाति कल्याण विभाग, शाउमावि गोड़हर, शासकीय उत्कृष्ट उमावि मार्तण्ड क्रमांक 1, शासकीय श्रवण दृष्टि बाधित स्कूल रीवा के प्राचार्यों को नोटिस जारी किया गया है। इसी तरह सिरमौर में निकायाधीन महावीर सिंह उमावि दुलहरा, निकायाधीन सेवादल उमावि खर्रा, त्योंथर में निकायाधीन शिवाजी उमावि सूती को नोटिस जारी किया गया है। मऊगंज में शासकीय हाई स्कूल गढ़वा, शासकीय हाई स्कूल जड़कुड़, शासकीय कन्या हाई स्कूल गौरी को भी नोटिस जारी किया गया है। इसके अलावा सभी बीआरसीसी को भी नोटिस जारी किया गया है।