मेडिकल कॉलेज में होने वाले हैं यह नए काम, पीएस चिकित्सा शिक्षा ने दिखाई हरी झंडी

श्याम शाह मेडिकल कॉलेज के डीन और अधीक्षक के लिए जल्द ही बंगला बनेगा। इसकी हरी झंडी पीएस चिकित्सा शिक्षा ने दे दी है। जल्द ही इस पर काम भी शुरू हो जाएगा। इसके अलावा अलग से रेस्ट हाउस भी बनाया जाएगा।

मेडिकल कॉलेज में होने वाले हैं यह नए काम, पीएस चिकित्सा शिक्षा ने दिखाई हरी झंडी
file photo

डीन और अधीक्षक का बंगला बनेगा, नया रेस्ट हाउस भवन भी होगा तैयार
रीवा। ज्ञात हो कि वर्तमान में श्याम शाह मेेडिकल कॉलेज में कर्मचारियों और डॉक्टरों के लिए बंगले तो बने हैं लेकिन डीन, अधीक्षक के लिए कोई व्यवस्था नहंी है। डीन और अधीक्षक के बंगले ही नहीं बने हैं। अब जल्द ही यह समस्या भी खत्म हो जाएगी। बुधवार को लोक स्वास्थ्य कल्याण विभाग और चिकित्सा शिक्षा विभाग की आनलाइन वीसी आयोजित की गई। इस वीसी में प्रमुख सचिव भी मौजूद रहे। उन्होंने अस्पताल और कॉलेज की समस्याओं और जरूरतों पर चर्चा की। इस दौरान उन्होंने डीन और अधीक्षक बंगला बनाए जाने की स्वीकृति प्रदान कर दी है। आपको बता दें कि वर्तमान समय में डीन डॉ सुनील अग्रवाल रेस्टहाउस में रह रहे हैं। इनके लिए अस्पताल और कॉलेज परिसर में डीन बंगला ही नहीं है। वहीं अधीक्षक के लिए भी बंगला नहीं है। यह समस्या जल्द ही खत्म होगी। डीन और अधीक्षक के लिए अलग से बंगला का निर्माण किया जाएगा। इसके अलावा रेस्टहाउस भवन भी बनाया जाएगा। वर्तमान में डॉक्टरों के एक बंगले को ही रंगाई पुताई कर रेस्ट हाउस बना दिया गया है।
सैकड़ों पद खाली पड़े हैं इन्हें भी जल्द भरा जाएगा
वीसी में प्रमुख सचिव मोहम्मद सुलेमान ने अस्पताल में रिक्त पदों को जल्द से जल्द भरने के निर्देश दिए हैं। वीसी में डीन डॉ सुनील अग्रवाल मौजूद रहे। संजय गांधी अस्पताल, सुपर स्पेशलिटी और श्याम शाह मेडिकल कॉलेज में कर्मचारियों की भारी कमी है। कर्मचारियों की कमी के कारण व्यवस्थाएं नहीं बन पा रही है। कई मर्तबा भर्तियों का प्रस्ताव शासन के पास भेजा जाना है। प्रमुख सचिव ने जल्द से जल्द रिक्त पदों का विज्ञापन जारीकरने के निर्देश दिए हैं। उम्मीद है कि जल्द ही संजय गांधी अस्पताल के खाली पदों के लिए नियुक्तियां शुरू हो जाएंगी।