युवती की मौत पर एनएच जाम करने वाले जाएंगे जेल, 70 पर मामला दर्ज
युवती की मौत के बाद सड़क पर हंगामा करने वालों की अब खैर नहीं। उनके खिलाफ चोरहटा पुलिस ने जाम लगाने वालों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। 70 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज किया गा है। इसमें से दो दर्जन नामजद हैं। अन्य की पहचान की जल्द ही गिरफ्तारी की कार्रवाई की जाएगी।

एनएच 39 पर परिजनों ने लगाया था जाम, महाकुंभ यात्रियों को हुई थी परेशानी
रीवा। ज्ञात हो कि बुधवार को उमरी निवासी युवती की मौत के बाद परिजनों ने एनएच 39 पर हंगामा खड़ा कर दिया था। युवती का शव फंदे से लटकते मिला था। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए नेशनल हाइवे पर जाम लगा दिया था। करीब तीन घंटे तक हंगामा मचा रखा था। इस हंगामा और जाम के कारण तीर्थयात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा था। कई किमी लंबा जाम लग गया था। पुलिस के आश्वासन के बाद परिजनों ने जाम खोल दिया था और शव को पीएम के लिए भेज दिया गया था। पुलिस युवती के पीएम रिपोर्ट आने का इंतजार कर रही थी। पीएम रिपोर्ट आने के बाद अब पुलिस ने जाम लगाने वालेां के खिलाफ एक्शन लिया है। जाम लगाने वालों में जो भी शामिल थे। उनकी वीडियो रिकार्डिंग के आधार पर खोजखबर ली जा रही है। दो दर्जन लोगों की पहचान की जा चुकी है। इनके खिलाफ नामजद मामला दर्ज किया गया है। वहीं करीब 70 लोगों के खिलाफ जाम में शामिल होने पर मामला पंजीबद्ध किया गया है। इनके नाम और पहचान में पुलिस लगी हुई है। पहचान होने के बाद इनकी धरपकड़ की जाएगी। थाना प्रभारी चोरहटा ने बताया कि पीएम रिपोर्ट में परिजनों के लगाए आरोप जैसा कुछ भी नहीं आया है। फंदे से लटकने से ही युवती की मौत हुई है। करीब 70 लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है। इसमें दो दर्जन लोग नामजद किए गए हैं। जल्द ही लोगों की पहचान कर गिरफ्तारियां की जाएंगी।