बारिश से कच्ची दीवार गिरी, दब कर दो लोगों की हुई मौत

लगातार हो रही बारिश के कारण कच्चे मकान की दीवार धरसाई हो गई। इसकी चपेट में दो लोग आ गए। दीवार में दबकर दोनों की मौत हो गई।

बारिश से कच्ची दीवार गिरी, दब कर दो लोगों की हुई मौत

रीवा। मिली जानकारी के अनुसार घटना बिछिया थाना अंतर्गत बैसा गांव की है। शुक्रवार की रात करीब 9 बजे की घटना बताई जा रही है। एक ऑटो गांव की सकरी गली से होकर निकल रहा था। इसी आटो की टक्कर टीन शेड से हो गई। आवाज सुनकर रेलवे में काम करने वाले कर्मचारी वीरेंद्र कुमार पाण्डेय पुत्र श्याम लाल पाण्डेय 39 वर्ष निवासी बैसा बाहर निकले। आटो में प्यारे लाल रजक पुत्र छकौड़ी लाल 55 वर्ष निवासी बैसा सवार थे। उन्हें रोक कर बात करने लगे। इसी दौरान पास की कच्ची दीवार गिर गई। इसकी चपेट में वीरेन्द्र कुमार पाण्डेय और प्यारेलाल रजक के साथ ही आटो चालक भी आ गया। दीवार के नीचे दो लोग बुरी तरह दब गए। वहीं आटो चालक बच गया। उसे हल्की चोट आई। घटना के बाद हल्ला मच गया। लोगों की भीड़ जमा हो गई। आनन फानन में कच्ची दीवार का मलवा हटाया गया। दोनों लोगों को बाहर निकाल कर अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में दोनों की ही इलाज के दौरान मौत हो गई। पीएम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।