रीवा पहुंचे केन्द्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर रीवा को दे गए यह सौगात, कह गए बड़ी बात

मध्य प्रदेश देश के दस सर्वश्रेष्ठ राज्यों में शामिल है। 20 वर्ष पहले मध्य प्रदेश बीमारू राज्य हुआ करता था। अब यह विकसित राज्य के तौर पर अपनी पहचान बना रहा है। वर्ष 2002 में मध्य प्रदेश का बजट 23 हजार करोड़ था जो अब गुना बढ़कर तीन लाख 14 हजार करोड़ हो गया है। जहाँ पहले प्रति व्यक्ति आय 11 हजार रुपए हुआ करती थी अब वह 5 गुना बढ़ गई है। प्रदेश की जीडीपी में भी जबर्दस्त वृद्धि हुई है। पहले प्रदेश की जीडीपी दो से ढाई प्रतिशत थी जो आठ गुना बढ़कर अब 16 प्रतिशत हो गई है।

रीवा पहुंचे केन्द्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर रीवा को दे गए यह सौगात, कह गए बड़ी बात

 रीवा। उक्त बातें केन्द्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री ने रीवा में आयोजित कार्यक्रम में कही। वह मध्य प्रदेश गौरव प्रतिष्ठान के तत्वावधान में कल, आज और कल, हर दिन आगे बढ़ता मध्य प्रदेश विषय पर वृंदावन गार्डेन में प्रबुद्धजन सम्मेलन में शामिल होने पहुंचे थे। इसी कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केन्द्रीय सूचना एवं प्रसारण, युवा मामले एवं खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि मध्य प्रदेश में 20 साल पूर्व अंधेर नगरी चौपट राजा जिनके लिए लोग दिग्गी राजा शब्द का इस्तेमाल करते है उनका मनमाना राज चलता था। यह वह समय था जब मध्य प्रदेश में न सड़के थी ना इंफ्रास्ट्रक्चर था, न गरीबों के लिए कोई योजनाएं थी। बिजली मुश्किल से चार घंटे मिलती थी। हमारी माता बहनों के लिए भी कोई योजना नहीं थी। जब से मध्य प्रदेश में भाजपा सरकार आई तथा सन् 2014 से डबल इंजन की सरकार बनी है। सरकार ने प्रत्येक व्यक्ति के लिए जन्म के पूर्व से लेकर, पढ़ाई, शादी, सहित व्यक्ति के अंतिम संस्कार तक जनहित की योजनाएं चालू कर उनके जीवन स्तर को सुगम बनाने का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि आज मध्य प्रदेश में लाडली बहन योजना, लाडली लक्ष्मी योजना, आयुष्मान भारत योजना सहित सैकड़ों योजनाएं है। इन योजनाओं के माध्यम से भाजपा सरकार लोगों का जीवन स्तर संवारने में लगी हुई है। उन्होंने लोगों से प्रदेश में भाजपा की सरकार फिर से बनाने की अपील की। केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन एवं मुख्यमंत्री  शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में हर क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य हुए हैं। सड़कों का जाल बिछा है। मूलभूत सुविधाओं में वृद्धि हुई है तथा शिक्षा एवं स्वास्थ्य सुविधाओं में भी प्रदेश में उल्लेखनीय कार्य हुए हैं। लाड़ली लक्ष्मी योजना से जहाँ बेटियों का भविष्य सुरक्षित हुआ है वहीं लाड़ली बहना योजना ने महिलाओं को आर्थिक तौर पर सशक्त किया है। मध्यप्रदेश में तीन करोड़ 62 लाख लोगों को आयुष्मान योजना का लाभ मिला है। श्री ठाकुर ने कहा कि रीवा जिले में मंत्री राजेन्द्र शुक्ल एवं सांसद जनार्दन मिश्रा के नेतृत्व में विकास के अनेकों कार्य हुए हैं जिनमें रीवा का सोलर प्लांट व गुढ़ की टनल का नाम राष्ट्रीय स्तर पर है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में चल रहे एशियन गेम्स में भारत के खिलाडिय़ों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है और इसमें मध्यप्रदेश के खिलाडिय़ों का भी सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन शामिल है। उन्होंने रीवा के स्पोर्ट्स काम्पलेक्स की सराहना करते हुए इसमें चार सौ मीटर का सिंथेटिक ट्रैक लगाये जाने की घोषणा की। श्री ठाकुर ने युवाओं का आह्वान किया कि देश व प्रदेश की उन्नति में सहभागी बनें।


 हमारा प्रदेश विकसित राज्य की श्रेणी में शामिल होगा: जनसंपर्क मंत्री
प्रबुद्धजन सम्मेलन को संबोधित करते हुए लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी एवं जनसम्पर्क मंत्री  राजेन्द्र शुक्ल ने कहा कि पहले सुशासन और कुशासन क्या होता है लोगों को पता नहीं चल पाता था। भाजपा सरकार ने जनता को सुशासन देने का कार्य किया है। हमने मध्य प्र्रदेश से बीमारू राज्य का कलंक मिटाया। प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़कों से गांव-गांव को जोड़ा गया है जिससे प्रदेश में आर्थिक तरक्की हुई है। हमारे प्रदेश में प्रति व्यक्ति आय 5 गुना बढ़ गर्इं है जो बहुत बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि आने वाली पीढ़ी को विकास का मार्ग प्रशस्त करने का कार्य बुद्धजीवियों का है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश विश्व गुरू बनने की ओर तेजी से आगे बढ़ रहा है और हमारा प्रदेश विकसित राज्य की श्रेणी में शामिल होगा।
युवाओं के आइकॉन हैं अनुराग ठाकुल: जनार्दन
 कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद जनार्दन मिश्र ने कहा कि केन्द्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर युवाओं के आइकॉन हैं। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश की उन्नति शिखर पर है। उन्होंने युवाओं को विकास में सहभागी बनने का आह्वान किया। कार्यक्रम में जिला भाजपाध्यक्ष डॉ. अजय सिंह ने स्वागत उद्बोधन देते हुए कहा कि प्रबुद्धजन सम्मेलन के प्राप्त सुझाव मध्यप्रदेश को गढऩे में सहायक होंगे। इस अवसर पर पूर्व कुलपति रहस्यमणि मिश्र एवं अधिवक्ता अखण्ड प्रताप सिंह ने भी संबोधित करते हुुए रीवा जिले में किये गये विकास की खुलकर सराहना की और इसका श्रेय भी जनसंपर्क मंत्री राजेन्द्र शुक्ल को दिया। इसके अलवा दोनो ने अपने बहुमूल्य सुझाव भी दिए। कार्यक्रम का संचालन प्रदेश गौरव प्रतिष्ठान के संयोजक एवं पूर्व महापौर वीरेन्द्र गुप्ता ने किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में प्रबुद्धजन, युवा तथा पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।