युवक की मौत पर हंगामा, परिजनों ने किया चकाजाम

लौर थाना क्षेत्र के सुअरहा गांव के एक युवक का शव पेड़ से फंदे पर लटकता हुआ मिला। घटना के बाद परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए सड़क पर चका जाम कर दिया। पुलिस की समझाइश के बाद मामला शांत हुआ।

युवक की मौत पर हंगामा, परिजनों ने किया चकाजाम

रीवा। मिली जानकारी के अनुसार सुअरहा निवासी संतोष कोल पुत्र रामावतार कोल 27 वर्ष अपने भाई के साथ गांव में रहता था। बीती रात खाना खाने के बाद वह सोने चला गया था। मंगलवार की सुबह जब भाई उठा तो संतोष घर पर नहीं था। घर के बाहर निकल कर देखा तो संतोष का शव आम के पेड़ से फंदे पर लटकता हुआ मिला। घटना की जानकारी होते ही परिजन समेत ग्रामीण मौके पर एकत्रित हो गये। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया। पीएम पश्चात शव परिजनों को सौंपा गया। इसके बाद परिजन शव लेकर रीवा-बनारस हाइवे पर पहुंच गए और जाम लगा दिया गया। परिजनों ने गांव के ही कुछ लोगों पर हत्या का संदेह व्यक्त करते हुये कार्रवाई की मांग की। चकाजाम की सूचना मिलते ही लौर थाना प्रभारी केपी त्रिपाठी घटना स्थल पहुंच गये। उन्होंने परिजनों से बात कर उचित कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। करीब डेढ़ घंटे तक मौके पर हंगामा मचा रहा। पुलिस की समझाइश के बाद परिजनों का गुस्सा शांत हुआ। जाम खोला गया। अब पुलिस मर्ग कायम कर घटना की जांच कर रही है।