बहू दहेज में नहीं लाई 5 लाख तो पति और सास ने पिला दिया जहर, एसपी से की गई शिकायत

दहेज के लोभी पति और सास ने प्रताडऩा की सारी हदें पार कर दी। दहेज के लिए पति और सास ने बहू को जहर पिला दिया और घर से बाहर निकाल दिया। सुसुराल के बाहर बहू को मरने के लिए छोड़ दिया। आसपास के लोगों ने इसकी सूचना महिला के पिता को दी। पिता मौके पर पहुंचे और बेटी को संजय गांधी अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया। महिला ने ठीक होने के बाद एसपी कार्यालय पहुंच कर पति के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है।

गढ़ थाना में भी महिला ने दर्ज कराई थी शिकायत, कोई कार्रवाई नहीं हुई
रीवा। महिला का नाम सीमा शर्मा है। उसने बताया कि उनकी शादी 2017 में गढ़ थाना अंतर्गत बहेरा निवासी जितेन्द्र शर्मा के साथ हुई थी। शादी के बाद से ही पति और सास दहेज के लिए परेशान करने लगे। मारपीट करने लगे थे। इसके पहले भी उन्होंने मारपीट कर घर से बाहर निकाल दिया था। इस बार तो सारी हदें पार कर दी। उन्होंने एसपी से लिखित शिकायत में कहा है कि पति माता पिता से 5 लाख रुपए दिलवाने का दबाव दे रहा था। जब रुपए नहीं मिले तो पति जीतेन्द्र ने महिला को जहर देकर मारने की कोशिश की। महिला ने बताया कि उनका पति नशे का आदी है। कोई काम धंधा नहीं करता हहै। शादी में जो भी जेवरात मिले थे। उसे खुर्द बुर्द कर दिया। 24 मई को पति और सास ने महिला के साथ मारपीट की और फिर जहरीली दवा पिला दी। इसकी सूचना पुलिस को दी गई थी। इसके बाद अचेत हालत में महिला को संजय गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। गढ़ थाना में इसकी शिकायत लिखित की गई लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। पीडि़त महिला और उसके पिता ने एसपी कार्यालय पहुंचकर पति और सास के खिलाफ कार्रवाई किए जाने की मांग की है।