डीन और अधीक्षक पहुंचे अस्पताल तो शिकायत लेकर पहुंचा अटेंडर कंपनी पर लगा जुर्माना

शुक्रवार की देर रात को डीन और अधीक्षक ने संजय गांधी अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। अधिकारियों के अस्पताल पहुंचते ही हड़कंप मचा गया। कैजुअल्टी से लेकर मेडिसिन विभाग, आईसीयू, एचडीयू सहित लेबर वार्ड का अधिकारियों ने निरीक्षण किया। इस दौरान शौचालय की गंदगी की मरीज के परिजनों ने शिकायत की। अधिकारियों ने इस लापरवाही पर कंपनी पर जुर्माना लगाने के निर्देश दे दिए।

डीन और अधीक्षक पहुंचे अस्पताल तो शिकायत लेकर पहुंचा अटेंडर कंपनी पर लगा जुर्माना

कैजुअली से लेकर मेडिसिन, एचडीयू, आईसीयू और लेबर वार्ड का किया निरीक्षण
रीवा। ज्ञात हो कि 25 अगस्त को सीएमई रीवा दौरे पर आ रहे हैं। उसके पहले ही डीन डॉ सुनील अग्रवाल और अस्पताल अधीक्षक डॉ राहुल मिश्रा ने अस्पताल की व्यवस्थाओं का जायला लेने शुक्रवार की देर रात अचानक अस्पताल पहुंच गए। उन्होंने निरीक्षण की शुरुआत आकस्मिक चिकित्सा कक्ष से की। सर्जरी और मेडिसिन एजरजेंसी वार्ड का निरीक्षण किया। मरीजों का हाल चाल पूछा। कक्ष में गंदगी मिलने पर नाराजगी जाहिर की। इसके अलावा डीन ने ईसीजी कक्ष में गंदे चद्दर को लेकर भी नाराजगी जाहिर की। मरीजों के साथ परिजनों की काफी भीड़ पर भी नाराज हुए। एक मरीज के साथ एक ही अटेंडर के रहने के निर्देश दिए। इसके बाद यहां से डीन और अधीक्षक मेडिसिन के तृतीय तल पर पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने एचडीयू का निरीक्षण किया। इस दौरान डॉक्टरों से एचडीयू में सुविधाओं की जानकारी ली। डॉक्टरों ने वेंटीलेटर मॉनीटर की पाइप लाइन में गड़बड़ी की जानकारी दी। इस पर अधीक्षक ने तुरंत इसे बदलने के निर्देश दिए। वार्ड और गैलरी में जगह जगह गुटखा के पीक नजर आए। इसे भी सफाई सुपर वाइजर को साफ करने के निर्देश दिए गए। एचडीयू से दोनों अधिकारियों ने आईसीयू का निरीक्षण किया। इस दौरान मरीज के परिजनों ने शौचालय के साफ सफाई को लेकर आपत्ति दर्ज की। परिजनों ने बताया कि शौचालय काफी गंदा रहता है। सफाई नहीं होती। वीडियो भी दिखाया। इस पर अधीक्षक ने कंपनी पर 25 हजार रुपए जुर्माना लगाने के निर्देश दिए। हालांकि डीन और नाराज हुए। उन्होंने जुर्माना की राशि 1 लाख तक बढ़ाने की बात कही। मौके पर मौजूद कंपनी के सुपर वाइजरों पर नाराजगी भी जताई। यहां से डीन और अधीक्षक रेडियोलॉजी विभाग पहुंचे। डिजिटल एक्सरे कक्ष का भी निरीक्षण किया। बेड साइड एक्सरे को लेकर आ रही शिकायतों को तुरंत निराकृत करने के निर्देश दिए। यहां से अधिकारी आब्सटेट्रिक्स आईसीयू वार्ड पहुंचे। यहां एसी बंद मिली। इस पर एसी मेंटीनेंस के लिए निर्देशित किया गया। लेबर वार्ड पहुंच कर अधिकारियों ने निरीक्षण किया। फिर मैटरनिटी विंग के नए भवन का भी अवलोकन किया।


सफाई कर्मचारियों की संख्या कम होने पर भड़के
डीन और अधीक्षक को निरीक्षण के दौरान अस्पताल में सफाई कर्मचारियों की संख्या कम मिली। उन्होंने सुपर वाइजर से रोस्टर तलब कर लिया। रोस्टर से पता चला कि दिन में 45, दोपहर में 26 और रात में सिर्फ 11 सफाई कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई जाती है। इस पर उन्होंने आपत्ति दर्ज की। उन्होंने कहा कि यहां 11 कर्मचारी भी नजर नहीं आ रहे हैं। रात में सफाई कर्मचारियों की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए।
एचडीयू में कम मिली नर्सें
मेडिसिन विभाग के एचडीयू में भी निरीक्षण के दौरान नर्सों की संख्या कम मिली। नर्सों ने इस पर आपत्ति जताई। रात में मरीजों की संख्या अधिक रहती है। दो नर्सों के भरोसे ही मरीजों का इलाज किया जा रहा था। इस पर भी डीन और अधीक्षक ने स्टाफ बढ़ाने का आश्वासन दिया। यही हालात अन्य जगहों पर भी देखने को मिला।