सिविल लाइन थाना में महिला को पीटपीट कर मार डाला था, अब पांच पर दर्ज हुई एफआईआर

चोरी के एक मामले में महिला को सिविल लाइन थाना में पीटपीट कर मारा डाला गया था। इस मामले में पुलिस की जमकर किरकिरी हुई थी। मामले में ज्यूडिशियल जांच बैठाई गई थी। जांच के बाद पांच लोग दोषी पाए गए। इसमें तीन पुलिसकर्मी भी शामिल हैं। सभी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर लिया गया है। धारा 302 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। आरोपियों की तलाश जारी है।

सिविल लाइन थाना में महिला को पीटपीट कर मार डाला था, अब पांच पर दर्ज हुई एफआईआर
file photo

सिविल लाइन थाना रीवा में पदस्थ तीन पुलिसकर्मी सहित दो अन्य पर प्रकरण दर्ज

REWA. 28-29 अक्टूबर की रात ढेकहा निवासी यशबर्धन सिंह के घर में चोरी की घटना हुई थी। ऑलमारी में रखा करीब 12 लाख रुपये का जेवरात पार हो गया था। उक्त चोरी का संदेह यशबर्धन सिंह ने घर में काम करने वाली महिला राजकली केवट निवासी मउरा खड्डी हाल ढेकहा के ऊपर जताते हुये सिविल लाइन थाना में शिकायत दर्ज कराया था। पुलिस ने महिला को हिरासत में लिया और पूछताछ किया। 31 अक्टूबर महिला की हालत बिगड़ी और अस्पताल में उसकी मौत हो गई थी। घटना के बाद परिजनों ने हंगामा किया था। लिहाजा पुलिस अधीक्षक विवेक सिंह ने मामले की ज्यूडिशियल जांच का निर्देश देते हुये विभागीय जांच डीएसपी मुख्यालय हिमाली पाठक को सौंपी थी। डीएसपी ने मर्ग कायम कर घटना की विस्तृत जांच किया। इसके बाद रिपोर्ट वरिष्ठ अधिकारियों को सौंपी। जिनके निर्देश पर तीन पुलिसकर्मी समेत पांच पर एफआईआर की गई है।
इन पर दर्ज हुआ मामला
सिविल लाइन थाना में ही उक्त मामले की एफआईआर दर्ज की गई है। जिसमें एएसआई कौशलेन्द्र, प्रधान आरक्षक विवेक सिंह, महिला आरक्षक खुशबू समेत जिस घर में चोरी हुई थी, उसके दो सदस्य शामिल हैं। इन पर हत्या की धारा 302 के अलावा अन्य धाराओं के तहत भी मामला दर्ज किया गया है। फिलहाल सभी आरोपी फरार हैं, जिनके गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है।
जांच व पीएम रिपोर्ट में मारपीट की पुष्टि
महिला संदेही के साथ सिविल लाइन थाना के भीतर मारपीट किया गया था। प्रधान आरक्षक विवेक सिंह ने उसके साथ बर्बरता की थी। इस दौरान एएसआई भी थाना में मौजूद थे। मारपीट के चलते महिला की हालत बिगड़ी तो आनन-फानन में महिला आरक्षक खुशबू को बुलाया गया। उसने भी मामले की गंभीरता को नहीं समझा बल्कि बेहोश पड़ी महिला को एक चाटा जड़ दिया। यह सारा घटनाक्रम सीसीटीव्ही फुटेज में कैद हुआ है। वहीं पीएम रिपोर्ट में भी महिला के शरीर में चोट के निशान का जिक्र किया गया है। उक्त तमाम तथ्यों के आधार पर एफआईआर दर्ज की गई है।
----------
पुलिस कस्टडी में महिला की मौत मामले में एफआईआर दर्ज की गई है। जिसमें तीन पुलिसकर्मी समेत पांच लोगों का नाम है। विवेचना जारी है। यह एफआईआर डीएसपी मुख्यालय की जांच रिपोर्ट के आधार पर की गई है।
विवेक लाल, प्रभारी एसपी रीवा