युवक का शव तालाब में मिला, कांग्रेस का पट्टा गले में कसा था, परिजनों ने हत्या की आशंका पर लगाया जाम

11 दिन पहले घर से गायब हुए युवक की दीपावली की सुबह तालाब में लाश मिली। गले में कांग्रेस का कपड़े नुमा पट्टा कसा हुआ था। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर सड़क पर जाम लगा दिया। पुलिस की समझाइए के बाद परिजन मानें। और शव को पीएम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है।

युवक का शव तालाब में मिला, कांग्रेस का पट्टा गले में कसा था, परिजनों ने हत्या की आशंका पर लगाया जाम
घटना स्थल पर एकत्र लोगों की भीड़

रीवा। मिली जानकारी के अनुसार मामला खजुहा कला का है। यहां रहने वाले 22 वर्षीय रोहित केवट पिता मथुरा केवट उम्र 22 वर्ष निवासी खजुहा कला 11 दिन पहले घर से लापता हो गया था। इसकी सूचना कुछ दिन बाद 7 नवंबर को परिजनों ने थाना में दी थी। पुलिस ने गुमशुदगी कायम कर ली थी। 11 दिन बाद दीपावली की सुबह युवक का शव गुढ़ थाना अंतर्गत सगरा तालाब में मिला। सूत्रों की मानें तो युवक के शरीर में पत्थर बांधकर तालाब में फेंका गया था। उसके गले में कांग्रेस का कपड़े का पट्टा भी बंधा हुआ था।

आशंका जताई जा रही है कि इसी पट्टे से पहले उसका गला घोंटा गया। इसके बाद तालाब में शव को छिपाने के लिए फेंक दिया गया। घटना के बाद मौके पर गांव वालों की भीड़ लग गई। परिजन भी पहुंच गए थे। सूचना मिलने पर गुढ़ थाना प्रभारी दलबल के साथ पहुंचे। शव को तालाब से बाहर निकलवाया गया। शरीर पर चोट के भी निशान होना बताया जा रहा है। परिजनों ने शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। घंटों हंगामा चला। इसके बाद पुलिस की समझाइश से परिजन शांत हुए। तब जाकर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पीएम के लिए भेजा। पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की और वजहों का खुलासा हो पाएगा। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है