अमहिया गोली कांड: 10 आरोपी नामजद, 3 को पुलिस ने उठाया

सोमवार की आधी अमहिया थाना अंतर्गत रात को दोस्त ने ही दोस्त को गोली मार दी थी। गोली हिप्स में मारी गई थी। गोली मारने के बाद घायल को दोस्तों ने ही अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में उसकी मौत हो गई। सुबह परिजनों ने हंगामा मचा दिया। सड़क पर जाम लगा दिया। 5 घंटे हंगामा चला। आरोपी की गिरफ्तारी और घर तोडऩे की मांग पर अड़े रहे। पुलिस ने परिजनों के विरोध के बाद 10 लोगों के खिलाफ नामजद मामला दर्ज किया है। तीन आरोपियों को पुलिस ने कस्टडी में लिया है। पूछताछ जारी है। अभी तक गोली मारने के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। आरोपी के घर की नापजोख भी की गई। घर तोडऩे की तैयारी है।

अमहिया गोली कांड: 10 आरोपी नामजद, 3 को पुलिस ने उठाया

रीवा।
मिली जानकारी के मुताबिक  सोमवार की रात करीब 11.30 बजे आरोपी सुमित सिंह परिहार ने पिस्टल से फायर कर विशाल उर्फ साहिल मिश्रा पुत्र उपेन्द्र मिश्रा 20 वर्ष निवासी अमिलकी थाना गोविंदगढ हाल मुकाम बिछिया की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के दौरान दस की संख्या में सुमित सिंह के घर में उसके साथी मौजूद थे। मंगलवार की सुबह नाराज परिजन और उनके समर्थन में आए लोगों ने संजय गांधी अस्पताल धोबिया टंकी मार्ग में जाम लगा दिया। जमकर विरोध प्रदर्शन किया। शव का पीएम कराने से भी इंकार कर दिया। पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की गई।  आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और घर गिराने की मांग को लेकर अड़े रहे। इस दौरान आक्रोशित लोगों को मनाने सीएसपी सहित शहर के थाना प्रभारी और भारी पुलिस बल मौके पर मौजूद रहा। शाम को नायब तहसीलदार सहित पुलिस टीम ने घटना के मुख्य आरोपी के मकान की नाप जोख की है, नगर निगम से जमीन के रिकार्ड मंगाए गए है। दावा है कि मकान वक्फ बोर्ड की जमीन पर बना है, जिसे गिराने की तैयारी प्रशासन कर रहा है।

दोस्त कार से ले गए थे अपने साथ
मृतक के परिजनों ने बताया कि साहिल के मोबाइल पर सुमित के कई कॉल मंगलवार की रात्रि को आए। इसके बाद चार पहिया वाहन से उसे ले गए। पहले सुमित को गाड़ी में बैठाकर घुमाए। इसके बाद देर रात घर ले गए। वहां उसके हिप में सटाकर गोली मार दी गई।  शाहिल की हत्या कर दी गई। दोस्त ने ही दगाबाजी की। घटना की जानकारी पुलिस को रात्रि करीब 12 बजे हुई।  इसके बाद सीएसपी, डीएसपी, अमहिया पुलिस संजय गांधी अस्पताल पहुंची। चर्चा है कि मंगलवार की रात्रि दस की संख्या में दोस्त एकत्रित हुए  और ठेले में फुल्की खाकर सुमित सिंह परिहार के मकान पहुंच गए। सभी बातचीत कर रहे थे।  इसी बीच सुमित सिंह ने शाहिल के पेट में सटाकर कट्टे से फायर कर दिया।

पिता ने आत्मदाह का किया प्रयास

आरोपियों पर कार्रवाई नहीं होने से नाराज पिता ने अपने शरीर में पेट्रोल डालकर आत्मदाह का प्रयास किया। परिजनों की मांग थी कि मुख्य आरोपी सहित घटना में शामिल सभी आरोपी शीघ्र पकड़े जाए साथ ही उनका घर भी गिराया जाए। पुलिस कार्रवाई को लेकर नाराजगी जताते हुए पिता ने आत्मदाह करने सड़क पर दौड़ लगा दी जिसके बाद मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हे बचा लिया।
बाक्स
पांच घंटे तक चला हंगामा
शहर में मंगलवार को सुबह 9 बजे से लेकर दोपहर करीब तीन बजे तक परिजनों का आक्रोश सड़क पर रहा। परिजन पीएम के लिए राजी नहीं थे। इसके चलते धोबिया टंकी से अस्पताल चौराहे के बीच करीब पांच घंटे आवागमन बाधित रहा।

गोली मारने के कारण का खुलासा नहीं हो पाया
दोस्त दगाबाज क्यों निकला, इसका खुलासा अभी नहीं हो पाया है। पुलिस वारदात की वजह तक नहीं पहुंच पाई है। इस पूरे गोलीकांड में कई बातें सामने आ रही है। इसे प्रॉपर्टी डीलिंग से जोड़कर भी देखा जा रहा है। इसके अलावा इस पूरे मामले में दोस्तों के बीच लड़की के शामिल होने की बात भी सामने आ रही है। पुलिस पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ कर रही है। जांच के बाद ही सच सामने आएगा।
अंदर ही फंस गई गोली
शाहिल का पीएम फोरेंसिक विभाग के डॉक्टरों की टीम ने किया। पीएम में गोली हिप बोन में ही फंसी हुई मिली। गोली बहुत करीब से मारी गई थी। दाएं हिप बोन से गोली अंदर घुसी और दाएं हिप बोन में जाकर फंस गई। गोली आर-पार नहीं हो पाई। फायरिंग के दौरान नस फटने और अधिक ब्लीडिंग के कारण शाहिल की जान चली गई। अब शरीर में मिली गोली को जांच के लिए रखा गया है। पुलिस अब इस गोली से फायर रेंज और बंदूर के प्रकार की जांच करेगी।
-----------
अर्जुन नगर स्थित मुक्कू डेयरी सहित घर की नापजोख की गई है, नगर निगम से रिकार्ड मंगाया गया है, जिसके बाद वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
यतीश शुक्ला, नायब तहसीलदार हुजूर
-----------
युवक की गोली मारकर हत्या मामले में दस आरोपियों के खिलाफ मामला पंजीबद्ध किया गया है, तीन हिरासत में है, जल्द ही मुख्य आरोपी सहित फरार आरोपी पकड़े जाएंगे। किसी आरोपी को छोड़ा नहीं जाएगा।
विवेक सिंह, पुलिस अधीक्षक रीवा।